शहर में हुए अपराध, व्यापार और यातायात से जुड़ी खबरें

शादी समारोह में खाना बनाने फतेहपुर गई बजरिया की महिला के संदिग्ध हालात में घायल होने से गुरुवार देर रात मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 01:55 AM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 01:55 AM (IST)
शहर में हुए अपराध, व्यापार और यातायात से जुड़ी खबरें
शहर में हुए अपराध, व्यापार और यातायात से जुड़ी खबरें

जेएनएन, कानपुर : शादी समारोह में खाना बनाने फतेहपुर गई बजरिया की महिला के संदिग्ध हालात में घायल होने से गुरुवार देर रात मौत हो गई। स्वजन ने महिला को साथ ले जाने वाले कैटरिग ठेकेदार व उसके साथियों पर दुष्कर्म और पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए बजरिया थाने में जमकर हंगामा किया और मुकदमा दर्ज कराया। शुक्रवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर भारी वस्तु के प्रहार या गिरने से आई गंभीर चोट के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। दुष्कर्म के आरोपों की जांच के लिए स्लाइड भी बनाई गई है। बजरिया निवासी पैकिग कारीगर की 40 वर्षीय पत्नी कैटरिग ठेकेदार श्याम गुप्ता के साथ शादी समारोहों में खाना बनाने का काम करती थीं। 29 अप्रैल को वह ठेकेदार व उसके साथियों के साथ फतेहपुर में एक समारोह में खाना बनाने गईं और लापता हो गई थीं। दो दिन बाद एक मई को श्याम के एक साथी ने महिला के मोहल्ले में रहने वाले संजय कनौजिया को उसके उर्सला अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी। यह भी बताया कि वह फतेहपुर से लौटते समय सड़क हादसे में घायल हुई थीं। स्वजन उर्सला अस्पताल पहुंचे और हालत में सुधार न होने पर दो दिन बाद महिला को कल्याणपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने श्याम गुप्ता को ढूंढ़ने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं भी पता नहीं लगा। इधर, गुरुवार देर रात महिला की मौत हो गई। इसके बाद स्वजन आक्रोशित हो गए। बजरिया थाने पहुंचे और श्याम गुप्ता व उसके साथियों पर दुष्कर्म करने और पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर एडीसीपी पश्चिम अभिषेक अग्रवाल पहुंचे। श्याम गुप्ता व उसके साथियों के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या व एससीएसटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ। डीसीपी पश्चिम संजीव त्यागी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की बात सामने आई है। आरोपितों ने महिला को पहले फतेहपुर अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से रेफर होकर महिला उर्सला आई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का कार्यकारी अध्यक्ष आज तय होगा, कानपुर : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का नया कार्यकारी अध्यक्ष शनिवार को तय होगा। श्याम बिहारी मिश्रा के निधन के बाद से यह पद खाली है और संगठन बिना अध्यक्ष के ही चल रहा है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ उपाध्यक्ष व श्याम बिहारी मिश्रा के बेटे मुकुंद मिश्रा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इसके बाद अगले माह वृंदावन में होने वाले संगठन के चुनाव में आगे के लिए स्थाई अध्यक्ष बनाया जाएगा।

ये चुनाव 11 से 13 जून के बीच में होने हैं। कानपुर युवा उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री संत मिश्रा के मुताबिक आठ मई को श्याम बिहारी मिश्रा का जन्मदिन होता है और इसके लिए समारोह भी करने की तैयारी थी, लेकिन अब शनिवार को श्रद्धांजलि सभा भी हो सकती है। आज निरस्त रहेगी दिल्ली, मुंबई की फ्लाइट, कानपुर : दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट शनिवार को निरस्त रहेंगी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि परिचालन कारणों से विमानन कंपनी ने दोनों फ्लाइटें निरस्त कर दी हैं। इसके चलते शनिवार को चकेरी एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई जाने के लिए टिकट आरक्षित करा चुके यात्री रिफंड ले सकते हैं। यदि वह अग्रिम तिथि पर यात्रा करना चाहें तो टिकट समायोजित करा दिया जाएगा।

प्रवासियों के लिए चलेगी ट्रेन : कानपुर : अहमदाबाद से आने वाले प्रवासियों को देखते हुए रेलवे ने एक फेरे की ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन दस मई को अहमदाबाद से और 11 मई को मुजफ्फरपुर से चलेगी। कासगंज, फर्रुखाबाद के रास्ते से कानपुर सेंट्रल आएगी। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि दस मई सोमवार को ट्रेन संख्या 09429 स्पेशल ट्रेन सुबह छह बजे अहमदाबाद से चलकर मंगलवार की सुबह 3:25 बजे कानपुर सेंट्रल आएगी और शाम 6:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। मंगलवार की रात 9:30 बजे मुजफ्फरपुर से चलकर ट्रेन बुधवार की सुबह 11:35 बजे कानपुर सेंट्रल और गुरुवार की सुबह 9:45 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

chat bot
आपका साथी