National Highway पर रफ्तार पर लगा ब्रेक, कानपुर में फ्लाइओवर पर लगा पांच किमी लंबा जाम
कानपुर में हाईवे पर रूमा-भौंती फ्लाइओवर पर वाहनों के खराब होने से तीन घंटे तक जाम लगा रहा। इसमें चार एंबुलेंस फंसी होने से मरीजों की जान पर बन आई। डायवर्जन प्वाइंट से सर्विसरोड पर भी वाहनों की कतारें लगी रहीं।
कानपुर, जेएनएन। हाईवे पर सफर कर रहे वाहनों की रफ्तार पर सोमवार की सुबह कानपुर में फ्लाइओवर पर ब्रेक लग गया। वाहनों के खराब होने से लखनऊ, प्रयागराज और इटावा की ओर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वहीं डायवर्जन के चलते सर्विस रोड पर भी वाहन फंस गए। करीब तीन घंटे तक पांच किमी लंबा जाम लगने से वाहन सवार हांफ गए। इसमें कई एंबुलेंस भी फंस जाने से मरीजों की जान पर बन आई।
प्रयागराज से दिल्ली की ओर हाईवे पर सफर कर रहे वाहन सवारों के लिए सोमवार जामवार बन गया। गुजैनी हाईवे से बर्रा कारगिल पंप के बीच फ्लाईओवर पर कुछ-कुछ दूरी पर खराब हुए वाहनों ने यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। इससे फ्लाईओवर पर जाम लग गया तो डायवर्जन के चलते तात्याटोपे नगर के पास से सर्विस रोड पर भी वाहनों के पहिए थमे रहे। नौबस्ता से भौंती की ओर जा रहा एक ट्रक सोमवार की सुबह करीब दस बजे गुजैनी हाईवे पर खराब गया था। जिससे फ्लाइओवर पर जाम लगने की शुरूआत हुई थी। डेढ़ घंटे में ट्रक की मरम्मत कर हटाया जा सका, जिसके बाद वाहन रेंगना शुरू हुए थे।
इसके कुछ ही देर बाद पांडु नदी पुल चढ़ते ही करीब सौ मीटर पर ही एक ट्राला खराब हो गया। इसे सर्विसरोड पर पांडु नदी से तात्याटोपे नगर और फ्लाइओवर पर डायवर्जन प्वाइंट से नौबस्ता के बीच भौंती की ओर फ्लाईओवर की लेन पर वाहनों की कतारें लग गई। अभी जाम खुल नहीं पाया था कि बीच में मिनी ट्रक और लोडर खराब हो गया। इससे फ्लाईओवर पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। तीन घंटे बाद भी पांच किलोमीटर लंबा जाम नहीं खुल सका था।
छह से अधिक एंबुलेंस फंसी
फ्लाइओवर पर जाम में छह से अधिक एंबुलेंस फंसी रही। इसमें दो सरकारी और बांकी प्राइवेट एंबुलेंस थीं। चार एंबुलेंस में मरीज होने के चलते किसी तरह से पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद निकलवाया। इस दौरान मरीजों की जान पर बनी रही।