Mukhtar Ansari News: जेल में माफिया की बिगड़ी तबीयत, पुलिस सुरक्षा के बीच मेडिकल कालेज में कराया गया भर्ती

Mafia Mukhtar Ansari Health Update माफिया मुख्तार अंसारी को पंजाब की रोपड़ जेल से यूपी की बांदा जेल में शिफ्ट किया गया था। अभी कुछ दिन पूर्व ही उससे मिलने पत्नी और उसका बेटा बांदा जेल पहुंचे थे।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 05:32 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 05:32 PM (IST)
Mukhtar Ansari News: जेल में माफिया की बिगड़ी तबीयत, पुलिस सुरक्षा के बीच मेडिकल कालेज में कराया गया भर्ती
मुख्तार अंसारी को लेकर जाता हुआ वाहन।

बांदा, जेएनएन। Mukhtar Ansari Health Update मंडल कारागार में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की तबीयत बिगड़ गई। उसे तीन दिनों से दांत में दर्द की शिकायत थी। न्यायालय व डीआइजी जेल की अनुमति के बाद मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे राजकीय मेडिकल कालेज ले जाया गया। जहां लगभग एक घंटे तक एक्सरे व अन्य जांच के बाद एंबुलेंस से वापस मंडल कारागार में दाखिल करा दिया गया। 

पंजाब की रूपनगर जेल से माफिया मुख्तार अंसारी को छह अप्रैल को मंडल कारागार में शिफ्ट किया गया था। जेल सूत्र बताते हैं कि उसे दांत में दर्द की शिकायत थी। जिसका इलाज करने के लिए तीन दिन पहले  मेडिकल कालेज के चिकित्सकों की टीम पहुंची थी और जांच की थी। जिसके बाद बांदा राजकीय मेडिकल कालेज रेफर किया गया था। इसके बाद जेल प्रशासन ने न्यायालय की अनुमित ली। डीआइजी जेल संजीव त्रिपाठी को मामले की जानकारी देकर अनुमति ली गई। 

पुलिस के निजी वाहन से ले गए अस्पताल : दोपहर करीब तीन बजे मंडल कारागार से भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेडिकल कालेज पुलिस के निजी वाहन (कार) से जाया गया। आगे-पीछे वज्र वाहन के साथ पुलिस के कई वाहन चल रहे थे। 

मेडिकल कालेज बना छावनी : माफिया के मेडिकल कालेज पहुंचने से पहले ही वहां भारी फोर्स तैनात कर दिया गया। मेडिकल कालेज को एक तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया। करीब एक घंटे के बाद शाम साढ़े चार बजे उसे मेडिकल कालेज से एंबुलेंस में फिर जेल में दाखिल किया गया।

बोले जिम्मेदार : जेल अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दांत में दर्द की शिकायत थी। दो-तीन दिन पहले मेडिकल कालेज के चिकित्सक आए थे, उन्होंने जांच के बाद मेडिकल कालेज के लिए रेफर किया था। आज दोपहर तीन बजे भेजा गया था। कोर्ट से इस बात की अनुमित ली गई थी। तीन बजे भेजा गया,  मेडिकल कालेज में एक्सरे के साथ जांच की गई। साढ़े चार बजे फिर बैरक में दाखिल कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी