उन्नाव: दुष्कर्म में असफल युवक ने युवती को छत से दिया धक्का, मुकदमा दर्ज कर आरोपित को किया गया गिरफ्तार

थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की 20 वर्षीय युवती के भाई ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे उसकी बहन छत पर अकेली थी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक सूरज उसके घर के अंदर घुस आया।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 05:58 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 05:58 PM (IST)
उन्नाव: दुष्कर्म में असफल युवक ने युवती को छत से दिया धक्का, मुकदमा दर्ज कर आरोपित को किया गया गिरफ्तार
दुष्कर्म की खबर से संबंधित प्रतीकात्मक फोटो।

उन्नाव, जेएनएन। बीघापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को अकेला पाकर पड़ोस में रहने वाला युवक उसके घर में घुस आया और छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म करने का प्रयास किया। युवती ने जब उसका विरोध किया तो  आरोपित ने उसे छत से नीचे फेंक दिया और भाग निकला। पीडि़त युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा  दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उधर युवती का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।  

यह है पूरा मामला: थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की 20 वर्षीय युवती के भाई ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है, कि गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे उसकी बहन छत पर अकेली थी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक सूरज पुत्र राजेश सिंह उसके घर के अंदर घुस आया और बहन के साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। जब बहन ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो युवक ने उसे छत से नीचे फेंक दिया। इससे उसके सिर व मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। युवती के चार-पांच दांत भी टूट गए। इसी बीच मौका पाकर सूरज वहां से भाग निकला। उधर चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्वजन को सूचना दी। आनन-फानन स्वजन उसे अस्पताल ले गये और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल लाये, जहां से स्वजन ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। 

इनका ये है कहना: बीघापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश गौतम ने बताया कि भाई की तहरीर के आधार पर छेड़छाड़, दुष्कर्म के प्रयास व अनुसूचित जाति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित युवक सूरज को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।  सीओ अंजनी कुमार राय बताया कि पीडि़ता को सीएचसी मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उसके स्वस्थ होने पर उसका मेडिकल कराया जायेगा। आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। 

chat bot
आपका साथी