पहले काटा चालान फिर पीटते हुए ले गए थाने, भड़के व्यापारियों ने गोविंदनगर थाना घेरा

चालान काटे जाने पर व्यापारी पुत्र ने मास्क न लगाए पुलिस कर्मियों का वीडियो बनाया था। इसपर नाराज पुलिस व्यापारी पुत्र काे थाने ले गई। व्यापारी पुत्र को पुलिस द्वारा पीटने की जानकारी पर बाजार बंद करके दुकानदार थाने पहुंच गए।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 22 Nov 2020 01:38 PM (IST) Updated:Sun, 22 Nov 2020 04:58 PM (IST)
पहले काटा चालान फिर पीटते हुए ले गए थाने, भड़के व्यापारियों ने गोविंदनगर थाना घेरा
गोविंद नगर थाने में हंगामा करते व्यापारी।

कानपुर, जेएनएन। गोविंद नगर बाजार में देर रात व्यापारी पुत्र को मास्क न लगाए पुलिस कर्मियों का वीडियो बनाना भारी पड़ गया। मास्क न लगाने पर पुलिस ने व्यापारी पुत्र का चालान कर दिया था। वीडियो बनाए जाने पर नाराज पुलिस कर्मी व्यापारी के पुत्र को पकड़कर थाने ले गई। व्यापारी पुत्र को पीटते हुए थाने ले जाने का आरोप लगाते हुए शनिवार की सुबह बाजार बंद करके दुकानदारों ने थाने का घेराव करके हंगामा किया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

गोविंद नगर बी ब्लॉक निवासी गोविंद नगर व्यापार संगठन के कॉर्डिनेटर इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार विवेक सक्सेना ने बताया कि रविवार देर शाम उनका बेटा आयुष घर के पास में सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान गोविंद नगर थाने के सिपाही कुलदीप ने उसका मास्क न लगाने पर चालान काट दिया था। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों ने मास्क नहीं लगाया था। इस पर आयुष अपने फोन से वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि वीडियो बनाने से नाराज पुलिस कर्मी उसे पीटते हुए थाने ले गये। व्यापारियों को जानकारी हुई तो थाने पहुंचे और किसी तरह आयुष को छुड़ाकर घर ले आए।

रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने थाने का घेराव करके पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर की। व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। गोविंद नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष निर्मल त्रिपाठी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का निलंबन किया जाए। बाजार में अतिक्रमण को साफ किया जाए, इसमें पुलिस को पूरा सहयोग करने का वादा किया। इस मौके पर भगत सिंह मार्केट एसोसिएशन अध्यक्ष शम्मी मल्होत्रा, सुनील दीक्षित व अंकुर खन्ना, सागर कपूर, नवनीत सिंह, बलदेव मल्होत्रा, सुरेंद्र टंडन मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी