कानपुर: भयानक सड़क हादसे का शिकार हुआ सिविल इंजीनियर, बस से टकराकर जीप के उड़े परखचे
फतेहपुर-बिंदकी सहबाजपुर जोनिहा निवासी प्राइवेट कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर राम बहादुर सिंह परिहार का 25 वर्षीय बड़ा बेटा सिविल इंजीनियर साहिल सिंह परिहार सोमवार सुबह कानपुर रेलवे स्टेशन से अपने दोस्तों को छोडऩे महाराजपुर रूमा स्थित केआइटी कालेज आ रहा था।
कानपुर, जागरण संवाददाता। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर जीप व टूरिस्ट बस में आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। जीप कई बार पलटते हुए डिवाइडर से टकराकर रुकी। जीप में बैठे तीनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान फतेहपुर बिंदकी निवासी सिविल इंजीनियर की मौत हो गई। रूट डायवर्जन के चलते कानपुर से फतेहपुर लेन से ही दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन चल रहा था।दूसरी लेन बंद थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप के परखचे उड़ गए। घटना के बाद दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। इंजीनियर की मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
फतेहपुर-बिंदकी सहबाजपुर जोनिहा निवासी प्राइवेट कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर राम बहादुर सिंह परिहार का 25 वर्षीय बड़ा बेटा सिविल इंजीनियर साहिल सिंह परिहार सोमवार सुबह कानपुर रेलवे स्टेशन से अपने दोस्तों को छोडऩे महाराजपुर रूमा स्थित केआइटी कालेज आ रहा था। साहिल अपने पारिवारिक भाई की जीप चला रहा था। साहिल के साथ में के ब्लाक किदवई नगर कानपुर निवासी सत्यजीत मिश्रा व एक अन्य दोस्त था।कुलगांव मोड़ और चकेरी फ्लाईओवर के बीच कानपुर से फतेहपुर वाली लेन में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके चलते रूट डायवर्जन था।कानपुर से फतेहपुर लेन से ही दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन चल रहा था। केआइटी कालेज से थोड़ा पहले फतेहपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार टूरिस्ट बस ने थार जीप में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप कई पलटी खाते हुए डिवाइडर से टकराकर रुकी। साहिल व सत्यजीत के सिर में गंभीर चोट थी।
कुलगांव चौकी इंचार्ज राम सिंह ने दोनों को रामादेवी स्थित काशीराम ट्रामा सेंटर भेजा। जहां उपचार के दौरान शाम को साहिल की मौत हो गई। थार जीप के परखचे उड़ गए। घटना के बाद एक घंटे से अधिक समय तक हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे करा यातायात शुरू कराया। थाना प्रभारी महाराजपुर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि हाईवे की एक लेन पर मरम्मत का काम होने के चलते रूट डायवर्जन था। दोनों तरफ के वाहन एक ही लेन से निकल रहे थे। उसी दौरान बस व जीप में जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। थोड़ी देर वाहनों का आवागमन बाधित रहा। बस चालक की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।