Kuldeep Singh Sengar Case: माखी कांड के गवाह की अचानक हालत बिगड़ते ही पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

माखी कांड की दुष्कर्म पीडि़ता के पिता के साथ तीन अप्रैल 2018 को सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर के भाई और अन्य लोगों ने जमकर मारपीट की थी। घटना के बाद माखी पुलिस ने पीडि़त को ही अवैध असलहा रखने के आरोप में जेल भेज दिया था।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 09:45 PM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 09:45 PM (IST)
Kuldeep Singh Sengar Case: माखी कांड के गवाह की अचानक हालत बिगड़ते ही पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
माखी कांड के मुख्य आरोपित कुलदीप सिंह सेंगर की सांकेतिक फोटो।

उन्नाव, जेएनएन। माखी दुष्कर्म कांड में पीडि़ता के पिता की हत्या के मामले में गवाह की हालत सोमवार देर रात अचानक बिगड़ गई। उसकी सुरक्षा में लगे सिपाही की सूचना पर माखी थाना पुलिस ने देर रात उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार को हालत ठीक होने पर उसे छुट्टी दे दी गई। ज्यादा शराब पीने से तबीयत बिगडऩे की बात  सामने आई है। हालांकि, उसकी सुरक्षा में शहर और कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल में डटी रही। 

माखी कांड की दुष्कर्म पीडि़ता के पिता के साथ तीन अप्रैल 2018 को सजायाफ्ता पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर के भाई और अन्य लोगों ने जमकर मारपीट की थी। घटना के बाद माखी पुलिस ने पीडि़त को ही अवैध असलहा रखने के आरोप में जेल भेज दिया था, जहां आठ-नौ अप्रैल की रात उनकी मौत हो गई थी। तीन अप्रैल को पीडि़ता के पिता के साथ रहे उसके साथी किशोर कुमार वर्तमान निवासी माखी हत्या के मामले में मुख्य गवाह हैं। उसकी गवाही के बाद ही तीस हजारी कोर्ट ने हत्या के मामले में अपना फैसला सुनाया था। मुख्य गवाह होने के कारण ही किशोर को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पुलिस सुरक्षा मिली है। बताते हैं कि पूर्व विधायक की तरफ से अपील पर मामला दिल्ली हाईकोर्ट में विचाराधीन होने के कारण किशोर की सुरक्षा अभी बरकरार है। घटनाक्रम के मुताबिक, सोमवार देर रात वह अचानक बेहोश हो गया। इसके बाद सुरक्षा कर्मी की सूचना पर पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। किशोर ने बताया कि उसकी अभी दिल्ली हाई कोर्ट में गवाही होनी है। रात में तबीयत कैसे बिगड़ी, उसे कुछ पता नहीं है। जिला अस्प्ताल के वरिष्ठ फिजीशियन आलोक पांडेय ने बताया कि जांच में किशोर के शरीर में अत्यधिक शराब मिली है, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और वह अचेत हो गया। अब वह ठीक है। उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। माखी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि किशोर की तबीयत खराब होने पर रात में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब वह ठीक है और अपने घर पर है। 

chat bot
आपका साथी