JEE Advanced Result 2021: टपर्स में पिछड़ा कानपुर जोन, पांचवे पायदान पर कुशाग्र गुप्ता ने रखा मान

जेईई एडवांस्ड परिणाम में इस बार कानपुर जोन पिछड़ गया है। कानपुर शहर से भी मेधावी आल इंडिया टाप टेन में जगह नहीं बना पाए हैं हालांकि टाप 100 के आधार पर कुशाग्र गुप्ता ने कानपुर जोन में पांचवां स्थान हासिल किया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 10:57 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 10:57 AM (IST)
JEE Advanced Result 2021: टपर्स में पिछड़ा कानपुर जोन, पांचवे पायदान पर कुशाग्र गुप्ता ने रखा मान
जेईई एडवांस्ड परिणाम में पिछड़ गया कानपुर।

कानपुर, जेएनएन। इंजीनियरिंग कोचिंग का हब बन चुका कानपुर इस बार जेईई एडवांस्ड परिणाम में पिछड़ गया। शहर से एक भी मेधावी के आल इंडिया टापर में शामिल होने से निराशा हाथ लगी है। इस बार टापर्स के मामले में कानपुर जोन पिछड़ गया है। हालांकि टाप 100 की सूची में सिर्फ तीन ही मेधावी शामिल हैं, जबकि आइआइटी दिल्ली और बांबे में 28-28, आइआइटी हैदराबाद में 27 और आइआइटी रुड़की जोन में 13 टापर आए हैं। आइआइटी खडग़पुर में सिर्फ एक और गुवाहाटी जोन में एक भी शामिल नहीं है। टाप 200 में सबसे ऊपर आइआइटी बांबे है। उसके जोन से 60 मेधावी टाप 200 में आए हैं। आइआइटी हैदराबाद के जोन में 53, दिल्ली में 43, रुड़की में 23, खडग़पुर में 10, कानपुर में आठ और गुवाहाटी में तीन हैं।

जेईई एडवांस्ड में कानपुर विकास नगर के कुशाग्र गुप्ता ने शहर में टाप किया है और आल इंडिया 109वीं रैंक आई है। कानपुर जोन में उन्होंने पांचवां स्थान हासिल किया है। छात्राओं में कानपुर की श्रेया तिवारी सबसे ऊपर हैं, उनकी आल इंडिया 279 वीं रैंक है। कुशाग्र गुप्ता इंजीनियरिंग के बाद सिविल सर्विसेज की तैयारी कर सकते हैं।

बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के छात्र हुए सफल

बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के छात्र सफल हुए हैं। विभु वर्मा की 7384, अक्षत श्रीवास्तव की 12844, उत्कर्ष यादव की 17200, उत्कर्ष शुक्ला की 29626, आयुष सिंह की 13057 रैंक आई है। देवांश निगम ने पीडब्ल्यूडी में 79 रैंक हासिल की। प्रधानाचार्य बृजमोहन कुमार सिंह ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

कानपुर जोन में प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी आइआइटी कानपुर को मिली थी। इसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के 14 शहरों में परीक्षा हुई, यहां 20 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। देश भर के टापरों का जोनवार आकलन किया गया। सफल छात्रों ने शनिवार से ही संस्थान और ब्रांच के चयन को विकल्प भरना शुरू कर दिया है। जेईई एडवांस्ड के नतीजों को देखते हुए ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथारिटी (जोसा) ने काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया था, जो छह चरणों में है। पहले चरण में छात्र-छात्राएं सीट आवंटन के लिए 'वाइस फिलिंग करेंगे। यह प्रक्रिया 25 अक्टूबर तक जारी रहेगी।

27 अक्टूबर को सीट आवंटन का परिणाम आ जाएगा। छठवां और अंतिम राउंड 18 नवंबर को निर्धारित किया गया है। जेईई एडवांस्ड के आयोजन के लिए सात जोन बनाए गए थे। इसमें साउथ जोन की जिम्मेदारी आइआइटी हैदराबाद को, वेस्ट की आइआइटी बांबे, नार्थ सेंट्रल की आइआइटी दिल्ली, नार्थ ईस्ट की आइआइटी गुवाहाटी, सेंट्रल की आइआइटी कानपुर, ईस्ट की आइआइटी खडग़पुर और नार्थ की आइआइटी दिल्ली को मिली थी। आइआइटी के जेईई एडवांस्ड के चेयरमैन प्रो. धीरेंद्र एस कट्टी ने बताया कि टापरों की लिस्ट जारी हो गई है।

chat bot
आपका साथी