Weather Kanpur News: चक्रवात का प्रभाव कम होने से फिर चढ़ा पारा, उमस भरी गर्मी में बेहाल हुए लोग

बुधवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री रहा जाे कि सामान्य से 02.8 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं सापेक्षिक आर्द्रता की बात करें तो अधिकतम 66 और न्यूनतम 36 डिग्री रही।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Wed, 02 Jun 2021 06:23 PM (IST) Updated:Wed, 02 Jun 2021 06:23 PM (IST)
Weather Kanpur News: चक्रवात का प्रभाव कम होने से फिर चढ़ा पारा, उमस भरी गर्मी में बेहाल हुए लोग
कानपुर में मौसम की स्थिति दर्शाती प्रतीकात्मक फोटो।

कानपुर देहात, जेएनएन। पहाड़ी क्षेत्र में उठे चक्रवात का प्रभाव कम होने से बुधवार को मौसम में फिर से परिवर्तन हो गया। उमस और गर्मी से लोग बेहाल रहे। इसके साथ ही घर से बाहर निकले लोगों को आवागमन करने के दौरान गर्मी के कारण काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।  

जम्मू कश्मीर के साथ ही अन्य पहाड़ी क्षेत्र में उठे चक्रवात के कारण दो दिन पूर्व मौसम में परिवर्तन हुआ था। तेज हवा चलने के कारण यकायक छह से सात डिग्री सेल्सियस गिरावट हुई थी। इसके साथ ही बदली भी छाई रही थी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली थी और मौसम खुशनुमा हो गया था। वहीं बुधवार को फिर से मौसम में परिवर्तन हुआ। धूप तेज होने के कारण राहगीरों को परेशानी हुई और अनलाक में भी सड़कों पर भी सन्नाटा छाया रहा।

क्या कहते हैं विज्ञानी: चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से मौसम का रुख बदला था। उन्होंने बताया कि अभी 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही बारिश के आसार भी दिख रहे हैं। कानपुर देहात व आसपास के जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं जून के तीसरे सप्ताह में मानसून की दस्तक की स्थितियां भी बन रही हैं। कोई चक्रवाती बदलाव न हुआ तो समय से मानसून आएगा। 

कुछ यूं रहा मौसम का हाल: बुधवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री रहा, जाे कि सामान्य से 02.8 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं सापेक्षिक आर्द्रता की बात करें तो अधिकतम 66 और न्यूनतम 36 डिग्री रही। बुधवार को उत्तर पश्चिम दिशा में 5.6 कि०मी०/घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही।

chat bot
आपका साथी