Kanpur Weather Update: सर्द हवाओं ने छुड़ाई कंपकपी, पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी सर्दी
मौसम विभाग की मानें तो पश्चमी विक्षोभी कमजोर पड़ गया है और कैस्पियन सागर की ओर से शुष्क हवाएं आने लगी हैं। कानपुर में आने वाले दिनों में अब शीत लहर चलने के साथ ज्यादा ठंड पड़ने के आसार बन गए हैं।
कानपुर, जेएनएन। तेज हवा संग वातावरण में नमी की अधिकता सर्दी बढ़ा रही है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के पास पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से कैस्पियन सागर की ओर से शुष्क हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आने लगी है। पहाड़ी क्षेत्रों में दो से तीन दिन हुई बर्फबारी और दिल्ली एनसीआर, पंजाब, हरियाणा में बारिश का असर भी बना हुआ है। कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, अलीगढ़, लखनऊ, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बरेली आदि शहरों में कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं।
अत्याधिक ठंड का अलर्ट जारी
कानपुर में भी शनिवार की शाम से शीत लहर चलनी शुरू हो गई है। मौसम विभाग की ओर से दो दिन पहले ही अत्याधिक ठंड को लेकर अलर्ट जारी हो चुका है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक पहले के बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र कमजोर हो गए हैं। मौसमी सिस्टम भी समाप्त हो चुके हैं, जिसकी वजह से शुष्क हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आने लगी है। नए चक्रवाती क्षेत्र भी विकसित हुए हैं, लेकिन उनका कोई खास असर नहीं है। वायुमंडल में आर्द्रता काफी ज्यादा है।
यहां बने चक्रवाती क्षेत्र
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब के उत्तर की ओर नया चक्रवाती हवा का क्षेत्र बन गया है। एक चक्रवाती सिस्टम दक्षिण पूर्वी अरब सागर और दूसरा सिस्टम श्रीलंका के नजदीक विकसित हुआ है। श्रीलंका से तमिलनाडु के तटीय भागों तक ट्रफ रेखा बनी है। मौसम विशेषज्ञों ने महाराष्ट्र मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी गुजरात में हल्की बारिश का अनुमान लगाया है।
वातावरण में नमी
दिन अधिकतम आर्द्रता न्यूनतम आर्द्रता
पांच-89- 53
छह- 93- 44
सात- 89- 66
आठ- 98- 81
नाै- 95- 62
(जनवरी माह के आंकड़े हैं। )