Kanpur Weather Update: 48 साल बाद न्यूनतम स्तर पर अधिकतम तापमान, दो दिन कड़ाके की सर्दी पर अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार शीत लहर के साथ कोहरा छाए रहने की आशंका बनी हुई है। पश्चिमी हिमालय से ठंडी और शुष्क हवा आ रही हैं लेकिन मैदानी क्षेत्रों में नमी बनी हुई है। सर्दी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 09:51 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 09:51 AM (IST)
Kanpur Weather Update: 48 साल बाद न्यूनतम स्तर पर अधिकतम तापमान, दो दिन कड़ाके की सर्दी पर अलर्ट
कानपुर में शीत लहर का प्रकोप जारी है।

कानपुर, जेएनएन। सर्दी का सितम अपने चरम पर पहुंच चुका है। सोमवार के तापमान ने बीते 48 साल का रिकार्ड तोड़ दिया, अब तक अधिकतम तापमान अपने सबसे न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। पश्चिमी हिमालय से ठंडी और शुष्क हवा आएगी, जबकि शीत लहर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को ज्यादा सर्दी पड़ने की चेतावनी जारी की है। 

बंगाल की खाड़ी और असोम के पास चक्रवाती हवा का क्षेत्र विकसित हो गया है। इनकी वजह से हवा की दिशा में परिवर्तन के आसार हैं। वातावरण में नमी बनी रहेगी। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। धूप के निकलने से दिन का पारा बढ़ सकता है। हवा सामान्य से तेज रफ्तार से चलेगी। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश आदि राज्यों में इसका ज्यादा असर रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 15.2 और न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इस तापमान ने पिछले 48 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 1973 से 2021 तक जनवरी के महीने का तापमान सोमवार को सबसे कम रहा।

मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर भारत में किसी तरह का कोई मौसमी सिस्टम विकसित नहीं है, जिसकी वजह से पहाड़ों से सीधी सर्द भरी हवा मैदानी क्षेत्रों की ओर आ रही है। इस समय मैदानी क्षेत्रों में ज्यादातर फसलें तैयार हो रही हैं। किसानों की ओर से सिंचाई की जाती है, जिससे नमी बनी रहती है। सबसे ज्यादा आर्द्रता तो चक्रवाती हवा की वजह से है। मंगलवार की सुबह हवा करीब छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि विजिबिलिटी 1.6 किलोमीटर रही। सुबह और शाम को घना कोहरा छाएगा, जबकि दोपहर में धूप निकलेगी। आसमान में अत्यधिक ऊंचाई पर बादल भी छाए रह सकते हैं।

जनवरी माह में रहा तापमान

वर्ष     अधिकतम   न्यूनतम

2021   15.2          11.0

2019    15.8          9.6

2016     23.2         5.5

2015     16.4        10.2

2012     22.0         5.4

2010     16.8         7.8

2003      24.0        4.0

2001       22.0       5.4

1998       22.5       4.4

1997      21.2        5.4

1989      21.0        5.1

1973       21.0       5.8

chat bot
आपका साथी