Kanpur Weather Update: न्यूनतम तापमान पांच डिग्री लुढ़का, शीत लहर ने छुड़ाई कंपकपी

कानपुर शहर में तेज रफ्तार हवा और नमी से तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। कोहरे और बदली के कारण धूप का असर कमजोर पड़ने से गलन का अहसास हो रहा है। अगले दो दिन तक इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 08:51 AM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 08:51 AM (IST)
Kanpur Weather Update: न्यूनतम तापमान पांच डिग्री लुढ़का, शीत लहर ने छुड़ाई कंपकपी
कानपुर में लगातार तापमान में गिरावट बनी हुई है।

कानपुर, जेएनएन। पहाड़ों की बर्फीली हवा उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में सर्दी के स्तर को बढ़ाए हुए है। तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जबकि शीत लहर कंपकंपी छुड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। सुबह और शाम के समय कोहरा पड़ रहा है। आसमान में बदली की वजह से धूप का असर भी कमजोर हो गया है। अगले दो दिन तक मौसम के इसी तरह से रहने की उम्मीद है। 

सोमवार के मुकाबले मंगलवार को जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया, वहीं अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट हुई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 15.2 और न्यूनतम 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 15.0 और न्यूनतम 5.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। हवा 3.3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि एक दिन पहले हवा की गति 4.9 किलोमीटर प्रति घंटे थी। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता का स्तर कुछ कमजोर हो गया है। सोमवार को अधिकतम आर्द्रता 95 फीसद और एक दिन बाद 89 फीसद रही।

पहाड़ों पर बर्फबारी और वर्षा का असर मैदानी क्षेत्रों में है। हवा में भले ही कमी आ गई है, लेकिन आर्द्रता अधिक होने से सर्दी बनी हुई है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा रहेगा। 24 घंटे में हवा की दिशा भी परिवर्तित हो गई है। मंगलवार को दक्षिण पूर्वी हवा चल रही थी, जबकि सोमवार को उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर हवा का रुख रहा।

छाएगा घना कोहरा, बिना वजह सड़कों पर न निकलें

शीतलहर के कहर कड़ाके की सर्दी फिर लौट आई है। आने वाले दो तीन दिन मौसम इसी तरह रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी।मौसम विभाग ने कोहरे के कहर को देखते हुए बिना वजह सड़कों पर न निकलने को लेकर चेतावनी जारी की है। बुधवार की सुबह बदली और कुछ जगहों पर हल्की धुंध छाई रही। धूप न निकलने से अधिकतम तापमान में गिरावट आ गई है।

chat bot
आपका साथी