Kanpur Weather Update: कल से हवाएं भी हो जाएंगी गर्म, 42 डिग्री पार हो जाएगा पारा

मौसम विभाग की मानें तो शनिवार शाम से उत्तर पश्चिमी हवाएं थम जाएंगी और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। इससे हवाओं में गर्मी संग उमस भी बढ़ने की संभावना है जो लोगों को बेहाल कर देगी। मैदानी क्षेत्रों में तापमान बढ़ रहा है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 10:47 AM (IST) Updated:Sat, 03 Apr 2021 10:47 AM (IST)
Kanpur Weather Update: कल से हवाएं भी हो जाएंगी गर्म, 42 डिग्री पार हो जाएगा पारा
कानपुर में मौसम के तेवर गर्म होने के आसार।

कानपुर, जेएनएन। अप्रैल का महीना आते ही गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर देती है। दिन और रात का तापमान बढ़ता चला जाता है। इस बार भी गर्मी और उमस बेहाल कर सकती है। पिछले चार दिन से चल रही तेज हवा पर शनिवार से ब्रेक लग जाएगा। रविवार से अच्छी खासी गर्मी पड़ने के आसार हैं। यह परिवर्तन नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से होगा, जिसके शनिवार देर रात जम्मू कश्मीर के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है। अभी इसकी लोकेशन अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच में है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के पहाड़ों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही राजस्थान और गुजरात के पास चक्रवाती हवा का क्षेत्र भी विकसित हो जाएगा। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक पिछली बार की तरह पश्चिमी विक्षोभ के जाते ही उत्तर पश्चिमी हवा चलने लगेगी। राजस्थान, गुजरात और मैदानी क्षेत्रों में तापमान बढ़ रहा है। चक्रवाती हवा के साथ मिलकर उत्तर पश्चिमी हवा गर्म हो जाएगी। यह गर्म हवा लू के रूप में मैदानी क्षेत्रों में असर दिखाएंगी।

डॉ. पांडेय ने 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान होने की संभावना जताई है। रात को भी पारा में इजाफा होगा। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल और तमिलनाडु में भी हल्की वर्षा के आसार हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा में हीटवेव बनने की आशंका है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.5, न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं हवा 7.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता का असर 33 फीसद रह गया है।

chat bot
आपका साथी