Kanpur Weather Update: उत्तर पश्चिमी हवाओं ने मौसम में घोली ठंडक, दो दिन कुछ राहत फिर सताएगी गर्मी

कानपुर शहर में मंगलवार की शाम तेज उत्तर पश्चिमी हवाओं से ठंडक लौट आई और रात सर्द रही। तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट की संभावना बनी है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से रात में ठंडक का अहसास हो सकता है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 10:49 AM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 10:49 AM (IST)
Kanpur Weather Update: उत्तर पश्चिमी हवाओं ने मौसम में घोली ठंडक, दो दिन कुछ राहत फिर सताएगी गर्मी
कानपुर में गर्म से नर्म हुए मौसम के तेवर।

कानपुर, जेएनएन। गर्मी और उमस के बीच अगले दो दिन थोड़ी राहत मिल सकती है। शहर में सोमवार शाम से ही उत्तर पश्चिमी हवाओं के तेज रुख ने मौसम में ठंडक घोल दी। आने वाले दो दिन तक कुछ राहत रहेगी। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक और दोपहर में धूप निकलेगी। सामान्य से तेज हवा के चलने से गर्मी का असर कुछ कम रहेगा। यह परिवर्तन जम्मू कश्मीर और पाकिस्तान बार्डर पर सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से है। हालांकि दो दिन राहत के बाद फिर गर्मी सता सकती है।

जम्मू कश्मी और पाकिस्तान सीमा पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की लोकेशन अभी भारत से दूर है लेकिन मंगलवार की शाम तक सरहद तक आ सकता है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक लगातार एक के बाद एक करके सक्रिय हुए तीन पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गए हैं। नया विक्षोभ जम्मू कश्मीर की ओर आने वाला है। इस बीच उत्तर पश्चिमी हवा फिर से चलनी शुरू हो गई है, जिसकी वजह से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी।

उनके अनुसार वातावरण में नमी पहले ही कम हो गई है। चक्रवाती हवा का क्षेत्र दक्षिणी असोम के ऊपर बना हुआ है। केरल से विदर्भ तक ट्रफ रेखा विकसित है। बंगाल की खाड़ी से शुष्क हवा चल रही है, लेकिन असोम के पास चक्रवाती हवा के क्षेत्र की वजह से मध्य भारत के मैदानी क्षेत्रों की ओर नहीं आ पा रही है। डॉ. पांडेय ने बताया कि नया पश्चिमी विक्षोभ भी कोई खास असर नहीं दिखाएगा। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमपात हो सकता है। सोमवार को कानपुर का अधिकतम तापमान 30.8, न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस, अधिकतम आर्द्रता 65 फीसद, हवा की औसत गति 3.8 किलोमीटर प्रति घंटे रिकार्ड हुई।

chat bot
आपका साथी