Kanpur Weather Update: तीन दिन तक तेज हवाएं देंगी गर्मी से राहत, शाम को रहेगी हल्की ठंडक

कानपुर शहर में तापमान में उतार चढ़ाव बना रहने से मौसम का मिजाज सुहाना है। सुबह और शाम तेज हवाओं से हल्की ठंडक का अहसास रहता है तो दिन में चटक धूप से हाल बेहाल हो रहे हैं। फिलहाल आने वाले तीन दिन तेज हवाएं चलेंगी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 27 Mar 2021 09:58 AM (IST) Updated:Sat, 27 Mar 2021 09:58 AM (IST)
Kanpur Weather Update: तीन दिन तक तेज हवाएं देंगी गर्मी से राहत, शाम को रहेगी हल्की ठंडक
कानपुर में बदल रहा मौसम का मिजाज।

कानपुर, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ के रुकते ही उत्तर पश्चिमी हवा आनी शुरू हो गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव होने लगा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक तेज हवा चलने के आसार जताए हैं, जो देर शाम से ही चलेगी। सुबह के समय धूप निकल आएगी और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक रहेगी।

कानपुर शहर में मौसम का मिजाज स्थिर नहीं है और हवाएं फिजाओं में हल्की ठंडक घोल रही हैं। वहीं दिन में सूरज की तपिश लोगों को सताने लगी है, हालांकि उत्तर पश्चिम हवाएं धूप की तपिश का अहसास कम कर रही हैं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को हवा करीब नौ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में दिन का तापमान बढ़ेगा, जबकि शाम के समय हल्की ठंडक रहेगी।

मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक होली के त्योहार के दिन तापमान कुछ बढ़ सकता है, लेकिन बदली भी छाए रहने का अनुमान है। 28 मार्च को जम्मू कश्मीर के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके अधिक ऊंचाई पर रहने की वजह से केवल पहाड़ी क्षेत्रों पर ही असर होगा। हालांकि उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर से आ रही ठंडी हवा जरूर रुक जाएगी। 30 और 31 को तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.6, न्यूनतम 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा की औसत गति 8.2 किलोमीटर प्रति घंटे रही। अधिकतम आर्द्रता 62 और न्यूनतम 29 फीसद रही। इस हफ्ते आसमान साफ रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों की ओर से भी हवा आएगी। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से हवा आनी बंद हो गई है।

chat bot
आपका साथी