Kanpur Weather Update: तेज हवाओं संग बारिश से मौसम हुआ सुहाना, फिलहाल बना रहेगा तापमान में उतार चढ़ाव

कानपुर में मौसम का मिजाज स्थिर नहीं है। मौसम विभाग ने दिन में धूप और शाम को तेज हवा चलने के साथ अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव की संभावना जताई है। बुधवार सुबह भी बारिश से मौसम बदल गया।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Wed, 24 Mar 2021 10:49 AM (IST) Updated:Wed, 24 Mar 2021 10:49 AM (IST)
Kanpur Weather Update: तेज हवाओं संग बारिश से मौसम हुआ सुहाना, फिलहाल बना रहेगा तापमान में उतार चढ़ाव
कानपुर में बदल गया मौसम का मिजाज।

कानपुर, जेएनएन। बुधवार की सुबह मौसम ने ऐसी करवट बदली कि मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों के चेहरे खिल गए। रात से जारी रही बूंदाबांदी के बीच सुबह तेज हवाओं संग हल्की बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग ने फिलहाल मौसम में बदलाव रहने के आसार जताए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानी क्षेत्रों में मौसम एक बार फिर परिवर्तित हो रहा है। दिन में धूप निकल रही है, जबकि शाम के समय तेज हवा के झोंके चलने शुरू हो जाते हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव के आसार हैं। कुछ शहरों में बूंदाबांदी की संभावना है। यह परिवर्तन अगले तीन दिन तक रह सकता है। मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़ के लिए अलर्ट जारी किया है। कानपुर, फर्रुखाबाद, लखनऊ, प्रयागराज, कन्नौज, हरदोई में मंगलवार की रात को काफी तेज हवा चली।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ ने उत्तर भारत के मौसम का मिजाज बदल दिया है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। वर्षा होने की संभावना है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है। पूरे सप्ताह बादल छाए रहने और गर्मी से कुछ राहत मिलने का पूर्वानुमान है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ बुधवार को सक्रिय हो रहा है। इसके असर से राजस्थान और गुजरात के नजदीक चक्रवाती हवा का क्षेत्र भी बन रहा है।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी लिए हवा आनी बंद हो गई हैं। ऐसे में वातावरण में नमी का स्तर भी गिरने लगा है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.0, न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस, हवा की औसत गति 4.7 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। हवा की दिशा उत्तर पूर्वी रिकार्ड हुई। अधिकतम आर्द्रता 66 फीसद रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 37.0, न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस, हवा 2.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। अधिकतम आर्द्रता 70 फीसद रिकार्ड हुई थी।

chat bot
आपका साथी