Kanpur Weather Update: उत्तर पश्चिमी हवा ने बढ़ाई ठंडक, अगले 24 घंटों में तापमान में फिर होगा इजाफा

उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ेगी और अगले 24 से 48 घंटों के दौरान गंगा के मैदानी राज्यों पर यह तेज हवा जारी रहेगी। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही मध्यम हवाओं के कारण प्रदूषण में कमी आने की संभावना है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Wed, 03 Mar 2021 09:56 AM (IST) Updated:Wed, 03 Mar 2021 09:56 AM (IST)
Kanpur Weather Update: उत्तर पश्चिमी हवा ने बढ़ाई ठंडक, अगले 24 घंटों में तापमान में फिर होगा इजाफा
कानपर में फिर बदल रहा मौसम का मिजाज।

कानपुर, जेएनएन। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में फिर से परिवर्तन के आसार हो गए हैं। सुबह शाम के समय हल्की ठंडक होगी, जबकि दोपहर में गर्मी पड़ेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान धीरे धीरे बढ़ने लगेगा। गुरुवार की दोपहर के वक्त गर्मी के प्रभाव में और इजाफा हो जाएगा। रात में भी पारा चढ़ने की आशंका है। यह फेरबदल पुराने पश्चिमी विक्षोभ के आगे चले जाने और नए के जम्मू कश्मीर के पास सक्रिय होने से होगा।

पश्चिमी विक्षोभ के जाने से उत्तर पश्चिमी हवा आनी शुरू हो गई है। इसका असर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में सोमवार से पड़ रहा है। तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया। नए विक्षोभ के दस्तक देते ही पश्चिमी हवा पर ब्रेक लग जाएगा। अभी इसकी लोकेशन पाकिस्तान के पास है। इसके बुधवार की शाम तक जम्मू कश्मीर के ऊपर पहुंचने की उम्मीद है। फरवरी के आखिरी हफ्ते में पारा 32 डिग्री के पार निकल गया। लगातार कई विक्षोभ के आने और वातावरण में नमी के दिन ब दिन कम होने से तापमान बढ़ गया। मौजूदा समय में आसपास के राज्यों में भी कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं हैं, जिनकी वजह से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी लिए हवा नहीं आ पा रही है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ.एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश और आस-पास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ेगी और अगले 24 से 48 घंटों के दौरान गंगा के मैदानी राज्यों पर यह तेज हवा जारी रहेगी। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही मध्यम हवाओं के कारण दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण के स्तर में और कमी आएगी। मध्य और पूर्वी भारत में दिन और रात के तापमान में कुछ और गिरावट हो सकती है। यह गिरावट उतनी तेज नहीं होगी, जितनी पिछले दो दिन में रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 27.6, न्यूनतम 15.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम आर्द्रता 56 फीसद रही। हवा की औसत गति 5.6 किमी प्रति घंटे रिकार्ड हुई।

chat bot
आपका साथी