Kanpur Weather Update: बूंदाबांदी के बाद बादल छंटते ही निकली धूप, एक दो दिन में तेज बारिश के आसार
Kanpur Weather Update इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण दो दिन के अंदर तेज हवा धूल भरी आंधी एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
कानपुर, जेएनएन। Kanpur Weather Update गुरुवार दोपहर तीन बजे अचानक आई आंधी और बूंदाबांदी के बाद एक बार फिर धूप निकल आई है। सुबह छह बजे के बाद से कुछ देर मौसम में ठंडक महसूस करने को मिली। दरअसल, दक्षिण पूर्व अरब सागर पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके कारण 14 मई की सुबह तक एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। अफगानिस्तान और उससे सटे उत्तरी पाकिस्तान के उत्तरी भागों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है।
एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के आसपास के हिस्सों पर है। इस चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से एक निम्न दबाव की रेखा उत्तरी राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के मध्य भागों, बिहार और पश्चिम बंगाल से होते हुए असम के पश्चिमी भागों तक जा रही है। उत्तर दक्षिण निम्न दबाव की रेखा दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण केरल तक मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और आंतरिक कर्नाटक से होते हुए गुजर रही है। वहीं, कोमोरिन क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है।
कुछ यूं रहा मौसम का हाल: गुरुवार दोपहर हुई बूंदाबांदी के बाद अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 8.6 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से 2.2 डिग्री कम था। अधिकतम आर्द्रता 80 प्रतिशत तो न्यूनतम 60 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की औसत गति की बात की जाए तो वो उत्तर पूर्वी दिशा में हवा 8.4 कि०मी०/घंटा की गति से चल रही थी। वहीं सुबह से अब तक 2.2 मिमी बारिश हुई।
कृषि मौसम विज्ञानी का ये है कहना: इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण दो दिन के अंदर तेज हवा, धूल भरी आंधी एवं गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश होने की संभावना है।