Kanpur Weather Update: जारी रहेगी तापमान की उठापटक, बादल आएंगे और झलक दिखा चले जाएंगे

कानपुर शहर में मौसम का मिजाज अभी स्थिर नहीं है अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश के बिल्कुल आसार नहीं बन रहे हैं।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 21 Mar 2021 12:49 PM (IST) Updated:Sun, 21 Mar 2021 12:49 PM (IST)
Kanpur Weather Update: जारी रहेगी तापमान की उठापटक, बादल आएंगे और झलक दिखा चले जाएंगे
कानपुर की हवाओं में रहेगी तेजी ।

कानपुर, जेएनएन। फिलहाल शहर के मौसम में कोई राहत की उम्मीद नहीं है। अगले चार से पांच दिन आसमान में बादल आएंगे और झलक दिखाकर चले जाएंगे। बारिश छोड़िए बूंदाबांदी के भी आसार भी बहुत ही कम हैं। कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम भी नहीं बना है, जिसकी वजह से बारिश की संभावना न के बराबर है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव होगा। हवा सामान्य से तेज चलेगी।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक जम्मू कश्मीर के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा की संभावना है। हल्की बर्फ भी गिर सकती है। इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पड़ेगा। सोमवार को मौसम में उठापटक हो सकती है। गरज और चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, हरदोई, इटावा आदि जिलों में वर्षा की संभावना नहीं है। 24 मार्च के बाद से मौसम साफ हो जाएगा। मौसम की उठापटक का असर तापमान पर पड़ने की उम्मीद कम है।

उन्होंने बताया कि इस समय दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और इससे सटे भागों के ऊपर चक्रवाती सिस्टम बना है। श्रीलंका के तटों पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर दिखाई दे रहा है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से लेकर उत्तर-पूर्वी अरब सागर के बीच एक ट्रफ बना हुआ है। डॉ. पांडेय के मुताबिक मध्य भारत में 22 से 23 मार्च से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। शनिवार को अधिकतम तापमान 33.4, न्यूनतम 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा 4.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में अधिकतम आर्द्रता 64 फीसद रह गई है।

chat bot
आपका साथी