पुलिस सीमा विवाद के कारण हमीरपुर में कानपुर-सागर हाईवे 24 घंटे रहा जाम, फुटपाथ पर सोए यात्री

जाम की वजह से रोडवेज बसें बस अड्डे से रवाना नहीं होने से यात्रियों को सड़क किनारे बनी दुकानों के काउंटरों मेजों और फुटपाथ पर सोकर रात काटनी पड़ी। जाम खुलवाने के लिए पूरी रात पुलिस लगी रही लेकिन सफलता नहीं मिली।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 10:10 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 10:10 PM (IST)
पुलिस सीमा विवाद के कारण हमीरपुर में कानपुर-सागर हाईवे 24 घंटे रहा जाम, फुटपाथ पर सोए यात्री
कानपुर सागर हाईवे पर लगे जाम के कारण यमुना पुल के ऊपर फंसे हल्के व भारी वाहन

कानपुर, जेएनएन। हमीरपुर में शुक्रवार दोपहर बाद कानपुर सागर हाईवे में यमुना पुल के पास आड़े तिरछे वाहन खड़े होने से लगा जाम शनिवार अपराह्न करीब दो बजे तक नहीं हट सका। इससे हजारों वाहन फंसे रहे। जाम की वजह से रोडवेज बसें बस अड्डे से रवाना नहीं होने से यात्रियों को सड़क किनारे बनी दुकानों के काउंटरों, मेजों और फुटपाथ पर सोकर रात काटनी पड़ी। जाम खुलवाने के लिए पूरी रात पुलिस लगी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार अपराह्न दो बजे जाम पूरी तरह से खुला। इससे करीब 24 घंटे तक लोग बेहाल रहे।

शहर तक असर, थमा यातायात : रात में हाईवे पर लगने वाले जाम के कारण कुरारा की ओर से आने वाले ट्रक शहर के मुख्य मार्ग में खड़े हो गए। इससे शहर के अंदर भी जाम लग गया। सैकड़ों की संख्या में खड़े ट्रकों के कारण शहरवासियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। रात में जाम खुलवाने को यातायात प्रभारी बृजेश चंद्र यादव टीम के साथ डटे रहे। पूरी टीम पसीना-पसीना रही, लेकिन समस्या हल नहीं हुई।

पैदल चले लोग, दो बरातों के वाहन भी फंसे : जाम के कारण कई सरकारी बसें और निजी वाहन फंस गए तो लोग सिर में सामान लादकर पैदल चले। रात में दो बरातों के वाहन भी फंस गए। इससे शादी समारोह में दूल्हा व बराती देरी से पहुंचे। वहीं, विदाई के बाद जब लौटे तो भी जाम में फंसे रहे।

कई बार खुला और ठप हुआ रास्ता : शनिवार की सुबह करीब नौ बजे कुछ देर वाहन रेंगे, तभी यमुना पुल पर जाम लग गया। जल्दी निकलने की होड़ में आड़े-तिरछे वाहन खड़े हो गए। पुलिस के आते ही वाहन चालक कतार में आए और उनके जाते ही फिर मनमानी शुरू हो गई। इससे कई बार यातायात सुचारु हुआ तो कई बार रास्ता ठप रहा।

गायब रही सजेती पुलिस : यमुना पर बने पुल का आधा हिस्सा कानपुर नगर और आधा हमीरपुर की सीमा में आता है। हमीरपुर जिले की पुलिस जाम खुलवाने के लिए मुस्तैद दिखी, जबकि घाटमपुर सर्किल की सजेती थाने की पुलिस नदारद रही, जबकि जाम थाने के पास तक पहुंच चुका था, लेकिन पुलिस ने उसे हटाने का प्रयास नहीं किया। सजेती थाना प्रभारी रावेंद्र मिश्रा ने बताया कि दुर्गागंज तक जाम लगा था। जाम हटवाने के लिए पुलिस टीम लगी रही।

यह है समाधान सड़क चौड़ीकरण के साथ आवागमन के लिए अलग-अलग पुल बनें। इससे मुख्यालय, महोबा व बांदा के वाहन ठीक से कानपुर व लखनऊ की ओर जा सकेंगे। यमुना पुल के दोनों तरफ पुलिस की ड्यूटी रहे और निरंतर मॉनीटरिंग हो।  

chat bot
आपका साथी