25 लाख की ठगी में भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य से पुलिस ने मांगे दस्तावेज, बड़ा पद दिलाने के नाम पर फंसाया

भाजपा महिला मोर्चा में कार्यकारिणी की सदस्य रहीं मेरठ में रहने वाली पूजा बंसल को बड़ा पद दिलाने के नाम पर कानपुर सचेंडी के युवक ने धोखाधड़ी की है। भाजपा नेता की शिकायत के बाद अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 09:57 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 05:23 PM (IST)
25 लाख की ठगी में भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य से पुलिस ने मांगे दस्तावेज, बड़ा पद दिलाने के नाम पर फंसाया
भाजपा नेता से धोखाधड़ी मामले में पुलिस जांच कर रही है।

कानपुर, जेएनएन। सचेंडी निवासी शख्स के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच के लिए भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारिणी सदस्य रहीं मेरठ की पूजा बंसल से पुलिस ने लेनदेन संबंधी प्रमाण मांगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूजा बंसल ने सोमवार को दस्तावेज देने की बात कही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा नेता पूजा बंसल ने तीन दिन पूर्व सचेंडी पुलिस व एसपी कानपुर आउटर को प्रार्थना पत्र देकर सचेंडी इटारा गांव निवासी एक शख्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शुक्रवार को उन्होंने प्रेसवार्ता करके बताया था कि आरोपित ने खुद को आरएसएस का बड़ा पदाधिकारी बताते हुए वर्ष 2019-20 में भाजपा में उच्च पद दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये लिए थे। काम न होने पर जब पूजा ने रकम वापस मांगी तो आरोपित उन्हें टरकाने लगा।

बाद में पता लगा कि वह जालसाज है और पहले भी 40 से ज्यादा कार्यकताओं से लाखों रुपये हड़प चुका है। मंगलवार को जब पूजा आरोपित के घर पहुंचीं तो उसके एक रिश्तेदार ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि पुलिस उसे पकड़कर लाई, लेकिन बाद में छोड़ दिया। एसपी आउटर अष्ठभुजा प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र की जांच सीओ सदर को सौंपी गई है। सीओ ने महिला से रकम दिए जाने व अन्य आरोपों के बाबत दस्तावेज मांगे हैं। जांच में दोषी पाए जाने के बाद ही मुकदमा दर्ज करके आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी