कानपुर के पनकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित साइट नंबर पांच का कायाकल्प कराएगा नगर निगम

दैनिक जागरण ने मुद्दा उठाया तो औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने इसे संज्ञान लिया और तत्काल हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा। इसी के बाद पनकी साइट पांच और रूमा औद्योगिक क्षेत्र के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 03:54 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 03:54 PM (IST)
कानपुर के पनकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित साइट नंबर पांच का कायाकल्प कराएगा नगर निगम
कानपुर के पनकी औद्योगिक क्षेत्र की सांकेतिक तस्वीर।

कानपुर, जेएनएन। पनकी औद्योगिक क्षेत्र की साइट नंबर पांच में अब नगर निगम ही विकास कार्य कराएगा। जल्द ही उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण इस औद्योगिक क्षेत्र को नगर निगम को हस्तांतरित कर देगा। इसके हस्तांतरण के बाद उद्यमियों को दोहरे कर से निजात मिल जाएगी। अभी तो नगर निगम जहां हाउस टैक्स वसूलता है वहीं प्राधिकरण उद्यमियों से मरम्मत शुल्क लेता है। नगर निगम हाउस टैक्स लेने के बाद भी वहां विकास कार्य नहीं करता है, लेकिन हस्तांतरण के बाद कुल टैक्स का 60 फीसद धनराशि वहीं खर्च करेगा।

मंत्री सतीश महाना ने लिया था मामले का संज्ञान 

रूमा औद्योगिक क्षेत्र को नगर निगम को हस्तांतरित किया जाना है। पिछले कई सालों से इस औद्योगिक क्षेत्र को नगर निगम को हस्तांतरित करने की मांग उद्यमी कर रहे हैं, लेकिन उद्यमियों की मांग पूरी नहीं हुई। दैनिक जागरण ने मुद्दा उठाया तो औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने इसे संज्ञान लिया और तत्काल हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा। इसी के बाद पनकी साइट पांच और रूमा औद्योगिक क्षेत्र के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हुई। रूमा औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए नगर निगम ने 35 करोड़ रुपये प्राधिकरण से मांगे हैं, जबकि पनकी साइट पांच में भी कितने करोड़ रुपये का विकास होगा इसका आंकलन नगर निगम की ओर से किया जा रहा है। आंकलन के बाद नगर निगम एस्टीमेट देगा और फिर नगर निगम और प्राधिकरण की बैठक होगी। इसके बाद हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू होगी। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना का कहना है कि दो माह के अंदर इस प्रक्रिया को पूरी कराया जाएगा। ताकि उद्यमियों को राहत मिल सके। पीआइए के अध्यक्ष मनोज बंका का कहना है कि उद्यमी वर्षों से मांग कर रहे हैं। अब उनकी मांग पूरी होने जा रही है यह हमारे लिए सुकून देने वाली खबर है।

chat bot
आपका साथी