कानपुर में नगर निगम ने 71 दिन बाद टहलने वालों के लिए खोले पार्क, समय निर्धारित
कोरोना संक्रमण को देखते हुए पार्क बंद कर दिए गए थे ताकि लोगों की भीड़ न जुट सके। इससे सुबह की सैर करने वाले काफी समय से पार्क खुलने का इंतजार कर रहे थे। अब पार्क खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कानपुर, जेएनएन। नगर निगम ने टहलने वालों के लिए 71 दिन बाद अपने पार्क खोल दिए हैैं। टहलने वालों के लिए सुबह व शाम के लिए समय भी निर्धारित कर दिया है। इसके अलावा घूमने वालों पर अभी रोक लगी है। वहीं केडीए ने अभी अपने पार्क नहीं खोले है।
कोरोना की कहर के चलते नगर निगम ने दूसरी बार आठ अप्रैल 2021 से अपने सभी पार्क टहलने और घूमने के लिए बंद कर दिए थे। शुक्रवार को नगर निगम ने केवल टहलने वालों के लिए सभी पार्क खोल दिए हैैं। नगर निगम के शहर में 792 पार्क हैैं। हालांकि कुछ ही पार्क विकसित हैैं। इस बाबत नगर निगम के उद्यान अधीक्षक ने बताया कि सुबह व शाम को टहलने वालों के लिए पार्क खोले गए हैैं। इनके लिए मासिक और साल के पास भी बन रहे है। वहीं केडीए में उद्यान का कार्य देख रहे अधिशासी अभियंता मुकेश अग्रवाल ने बताया कि अभी पार्क खोलने के कोई आदेश नहीं मिले हैैं।
नगर निगम के प्रमुख पार्क : कारगिल पार्क, तुलसी उपवन, राजीव वाटिका, नानाराव पार्क, रामलीला पार्क लाजपत नगर, महाबलीपुरम पार्क, निराला नगर, संजय वन किदवईनगर समेत अन्य पार्क खोले जाएंगे।
खोलने का समय : सुबह - पांच से नौ बजे तक और शाम - पांच से आठ बजे तक।
पास बनेगा : मासिक - 45 रुपये का और सालाना - 450 रुपये का।