शहर में जलभराव वाले स्थानों का सर्वे करा रहा कानपुर नगर निगम, जल्द दूर होगी समस्या

बारिश के बाद शहर के कई स्थानों पर भीषण जलभराव हो जाता है अब ऐसे स्थानों को चिन्हित करने के लिए कानपुर नगर निगम सर्वे करा रहा है। ताकि बारिश के बाद होने वाले जलभराव की समस्या को दूर कराया जा सके। नगर आयुक्त ने इसके लिए आदेशित किया है।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 07:30 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 07:30 PM (IST)
शहर में जलभराव वाले स्थानों का सर्वे करा रहा कानपुर नगर निगम, जल्द दूर होगी समस्या
बारिश के बाद शहर में कई जगह जलभराव हो जाता है। प्रतीकात्मक फोटो।

कानपुर, जेएनएन। शहर में बारिश में हुए जलभराव वाले स्थानों को नगर निगम सर्वे करा रहा है ताकि कमियों को दूर किया जा सके। भविष्य में जलभराव न हो। कई जगह नाली टूटी, गली पिट चोक और नाला निकासी बंद होने के कारण कई जगह जलभराव हो जाता है। ऐसी समस्याओं को दूर करने के लिए नगर आयुक्त ने प्वाइंट वार सर्वे कराने के लिए निर्देश दिए हैं।

अक्टूबर माह में बेमौसम बारिश ने एक बार नगर निगम और जलकल की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। हालत यह रही कि पॉश इलाकों में पानी भर गया। के ब्लाक किदवईनगर, साकेत नगर, काकादेव, न्यू सिविल लाइंस, आचार्य नगर, स्वरूप नगर, आर्य नगर, जवाहर नगर, गांधीनगर, पीरोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया। इसके अलावा जलभराव के बाद कई इलाकों में कीचड़ हो गया। इन सबको देखते हुए नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने मुख्य अभियंता एसके सिंह को आदेश दिए कि जलभराव वाले इलाकों का प्वाइंट वार सर्वे करके कार्ययोजना तैयार की जाए ताकि सभी कमियों को अभी से दूर कर ली जाए ताकि बरसात में दिक्कत न आए।

नालियों पर बने रैंप ने रोक दी निकासी: शहर में नालियों में जगह-जगह बने रैंप के चलते जल निकासी रुक गई है। बाजारों में कब्जों के चलते फुटपाथ गायब हो गए। सीसामऊ, पीरोड, लालबंगला, गोविंद नगर, चावला मार्केट, काकादेव, बेकनगंज, चमनगंज गुमटी नंबर पांच समेत कई बाजारों में फुटपाथ गायब हो गया है। नाली बंद होने के कारण सफाई  नहीं हो पाती है। यहां हाल शहर के इलाकों का है। शायद ही किसी इलाके में रैंप न हो। लोगों ने फुटपाथ को पार्किंग बना रखा है। नाली बंद कर देते है और उसपर वाहन चढ़ा देते है।

नालों पर कब्जे: नालों पर कब्जे होने के कारण सफाई नहीं हो पाती है। शास्त्रीनगर, विजयनगर, काकादेव, ग्वालटोली, किदवईनगर, सीओडी समेत कई नालों में लोगों ने कब्जा कर रखा है। इसके कारण नालों की सफाई नहीं हो पा रही। नगर आयुक्त ने आदेश दिए है कि नालों पर बने कब्जे हटाए जाए।

chat bot
आपका साथी