कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा के रूट चार्ट में नहीं कानपुर, अब प्रियंका की रैली की तैयारी
यूपी में विधानसभा चुनाव से कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा निकाल रही है जो 29 अक्टूबर को कानपुर आनी थी लेकिन अब कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने शहर में प्रियंका वाड्रा की रैली की तैयारियां शुरू की है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जनाधार जुटाने के लिए पूरे प्रदेश में प्रतिज्ञा यात्रा निकाल रही है। लेकिन, कांग्रेस की इस यात्रा के रूट से कानपुर नदारद है, इससे स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में थोड़ी मायूसी है। हालांकि अब कांग्रेस नेता चुनाव से पहले प्रस्तावित प्रियंका वाड्रा की रैली को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा की कानपुर में रैली कराने के पीछे पुराना जनाधार फिर से जुटाने की मंशा है।
कांग्रेस ने सात सूत्रीय मुद्दों को लेकर प्रतिज्ञा यात्रा निकालने की तैयारी की है। इसका प्रचार प्रसार पूरे प्रदेश में प्रचार किया जा रहा है। प्रतिज्ञा पत्र में क्षेत्रीय समस्याओं के आधार पर कांग्रेस लोगों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। यात्रा के रूट में कानपुर शामिल नहीं है जबकि इससे पहले जारी हुए रूट में कानपुर के चार विधानसभा में यात्रा, प्रेसवार्ता और कार्यक्रम प्रस्तावित थे। चूंकि अब खुद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा महिलाओं के साथ बड़ी रैली का संकेत दे चुकी हैं जिसके चलते कानपुर को यात्रा रूट से निकाल दिया गया है।
कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा बाराबंकी के जैदपुर से 23 अक्टूबर को प्रारंभ हो चुकी है जो बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, जालौन, झांसी जाएगी।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यात्रा का रूट सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदांयु, अलीगढ़, हाथरस, आगरा और मथुरा होगा।प्रतिज्ञा यात्रा के रूट में कानपुर नहीं है जबकि पूर्व जारी रूट में यात्रा का समापन कानपुर में ही होना था।29 अक्टूबर को प्रतिज्ञा यात्री घाटमपुर से होकर कानपुर में प्रवेश प्रस्तावित था।इसके साथ ही गोविंद नगर, किदवई नगर, छावनी और सीसामऊ में जनसभा का कार्यक्रम भी होना था।पार्टी सूत्र बताते हैं कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को कानपुर से काफी उम्मीदें हैं।ऐसे में प्रियंका वाड्रा खुद यहां आकर बड़ा कार्यक्रम करेंगी।संभावित है कि अगले माह 13 नवंबर को कानपुर में महिलाओं का बड़ा कार्यक्रम आयोजित हो जिसे प्रियंका संबोधित करेंगी।यही कारण है कि प्रतिज्ञा यात्रा के रूट से कानपुर को अलग कर दिया गया।
कांग्रेस की यह हैं प्रतिज्ञाएं
-विधानसभा टिकट में 40 फीसद टिकट महिलाओं को
-छात्राओं को स्मार्ट फोन व स्कूटी
-किसानों का कर्जा माफ
-बिजली बिल माफ, कोरोना काल का बकाया नहीं देना होगा
-कोरोना की वजह से आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों को 25 हजार
-20 लाख लोगों को सरकारी रोजगार
-बीमारी पर दस लाख तक का इलाज निश्शुल्क