Kannauj zila panchayat : BJP ने इस निर्दलीय प्रत्याशी पर दांव लगा मोड़ी राजनीति की दिशा

गुरुवार शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भाजपा के प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व की संस्तुति पर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रिया शाक्य को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी उन्हें पूरी दमदारी से चुनाव लड़ाएगी।

By Akash DwivediEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 02:52 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 02:52 PM (IST)
Kannauj zila panchayat : BJP ने इस निर्दलीय प्रत्याशी पर दांव लगा मोड़ी राजनीति की दिशा
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रिया शाक्य को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया

कानपुर, जेएनएन। आखिरकार भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी। पार्टी ने निर्दलीय प्रिया शाक्य के नाम की देर शाम को घोषणा कर दी। प्रिया छिबरामऊ ब्लाक के वार्ड नंबर 16 से जिला पंचायत सदस्य हैं। अब जिले की राजनीति में नया मोड़ आ गया है।

गुरुवार शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि भाजपा के प्रदेश एवं क्षेत्रीय नेतृत्व की संस्तुति पर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रिया शाक्य को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। पार्टी उन्हें पूरी दमदारी से चुनाव लड़ाएगी। गौरतलब है कि छिबरामऊ निवासी प्रिया शाक्य भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओमकार शाक्य की पत्नी हैं और पार्टी से टिकट न मिलने पर उन्होंने जिला पंचायत के वार्ड नंबर 16 से निर्दलीय चुनाव लड़ा था और उन्होंने भाजपा की प्रत्याशी रेखा त्रिपाठी को भारी अंतर से चुनाव हराया था। पार्टी से बगावत करने के आरोप में जिलाध्यक्ष ने उनके पति को भी पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अब भाजपा को कोई प्रत्याशी नहीं मिल रहा था, जिस पर काफी मंथन के बाद प्रिया के नाम पर मोहर लगा दी गई। हालांकि भाजपा से जीतीं अमिता उर्फ नेहा त्रिपाठी ने भी अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दी। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी हित में जो फैसला लिया गया है, वह मान्य होगा। अध्यक्ष पद पर भाजपा ही जीतेगी।

सपा में भी उठे बगावती सुर : एक दिन पहले सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने वार्ड 23 से जिला पंचायत सदस्य श्याम सिंह यादव को प्रत्याशी घोषित किया था, जबकि कई कार्यकर्ता तहसीन सिद्दीकी की पत्नी जुबैरिया शाह सिद्दीकी को अध्यक्ष बनाए जाने की मांग कर रहे थे। अब कई सपा कार्यकर्ता इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डालकर सपा के शीर्ष नेतृत्व पर सवाल उठा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी