देर रात हुई बारिश से तापमान में गिरावट, अगले दो से तीन दिन मौसम में रहेगी ठंडक, बारिश संग गिर सकते ओले

अधिकतम और न्यूनतम तापमान कम होगा। आसमान में बदली छाई रहेगी। मौसम विभाग ने अलीगढ़ बरेली कानपुर कन्नौज इटावा फर्रुखाबाद मेरठ रामपुर सीतापुर लखीमपुर खीरी समेत अन्य शहरों में बारिश और तेज हवा के चलने का अलर्ट जारी किया है।

By Rahul MishraEdited By: Publish:Fri, 05 Feb 2021 11:21 AM (IST) Updated:Fri, 05 Feb 2021 11:21 AM (IST)
देर रात हुई बारिश से तापमान में गिरावट, अगले दो से तीन दिन मौसम में रहेगी ठंडक, बारिश संग गिर सकते ओले
मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका जताई है। प्रतीकात्मक चित्र

कानपुर, जेएनएन। गुरुवार देर रात मौसम में बदलाव से हुई झमाझम बारिश से शुक्रवार सुबह तापमान में गिरावट देखी गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिन ठंडक और बढ़ेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। आसमान में बदली छाई रहेगी। मौसम विभाग ने अलीगढ़, बरेली, कानपुर, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद, मेरठ, रामपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी समेत अन्य शहरों में बारिश और तेज हवा के चलने का अलर्ट जारी किया है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ लद्दाख की ओर बढ़ गया है। मध्य प्रदेश के पास बना विपरीत चक्रवाती हवा का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के ऊपर आ गया है। छत्तीसगढ़ के नजदीक नया चक्रवाती हवा का क्षेत्र बना है। शुक्रवार की दोपहर को वर्षा होगी, जबकि सामान्य से काफी तेज हवा चलेगी।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.0, न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा 4.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मैदानी क्षेत्रों पर विकसित हुआ चक्रवाती सिस्टम इस समय उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर दिखाई दे रहा है। केरल के तटों के पास से लेकर दक्षिणी गुजरात के तटीय भागों तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। जम्मू कश्मीर, गिलगिट, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर वर्षा संग बर्फबारी हुई। उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बारिश और हिमपात की गतिविधियां हुई हैं।

मैदानी क्षेत्रों में पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ हल्की बौछारें देखने को मिलीं। उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी हुई है।  

chat bot
आपका साथी