मुंबई, बंगलुरू और हैदराबाद जाना हुआ आसान, एक नवंबर से कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट से मिलेगी सीधी फ्लाइट

कानपुर से मुंबई बंगलुरू और हैदराबाद जाना अब और भी आसान हो गया है। इंडिगो एक नवंबर से चकेरी एयरपोर्ट से सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके साथ ही कानपुर से दुनिया के हर देश के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिल जाएगी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 08:41 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 08:41 PM (IST)
मुंबई, बंगलुरू और हैदराबाद जाना हुआ आसान, एक नवंबर से कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट से मिलेगी सीधी फ्लाइट
एक नवंबर से चकेरी एयपोर्ट से सीधी उड़ान शुरू होगी। प्रतीकात्मक फोटो।

कानपुर, जेएनएन। पिछले दो माह से लगातार हो रहे बदलाव के बाद अब तय हो गया है कि इंडिगो एक नवंबर से चकेरी एयरपोर्ट से मुंबई, बंगलुरू और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करेगी। विमानन कंपनी के मुख्य राजस्व अधिकारी संजय कुमार ने शुक्रवार को कानपुर क्लब में वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानपुर से मुंबई और बंगलुरू जाने वालों को दुनिया के हर देश के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिल जाएगी।

उन्होंने बताया कि विमानन कंपनी देश भर में 71 एयरपोर्ट से सेवाएं दी रही है। कंपनी की सेवाओं का ही नतीजा है कि देश भर में कंपनी की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा करीब 57 फीसद है। यात्री लोड कम होने पर फ्लाइट निरस्त होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उड़ान क्षेत्र में देश में सबसे ज्यादा हमारी हिस्सेदारी इसीलिए है क्योंकि हम इस आधार पर फ्लाइट निरस्त नहीं करते। कंपनी 180 सीटर विमानों के साथ कानपुर से सेवा शुरू कर ही है।कंपनी का विश्वास है कि हमारी सेवाएं शुरू हाेने के बाद कानपुर वासियों को निराश नहीं होना पड़ेगा। फ्लाइट की बुकिंग शुरू हो चुकी है। अभी तक उम्मीद से बेहतर परिणाम मिल रहे हैं।वार्ता के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक विक्रय दीपक खरे, मनीष पुरी, शारिक अल्वी उपस्थित रहे। 

मार्च तक शुरू होगी दिल्ली की फ्लाइट: मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के लिए विमान सेवा मार्च 2021 तक शुरू होने की उम्मीद है। इसके साथ ही चेन्नई, अहमदाबाद और कोलकाता की फ्लाइट भी नई टर्मिनल बिल्डिंग का काम पूरा होने के बाद शुरू की जाएगी। कोहरे में आधुनिक आइएलएस न होने के चलते फ्लाइट निरस्त होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनवरी माह में कुछ दिनों के लिए समस्या आती है।चूंकि यहां कम दृष्यता का आइएलएस है इसलिए कुछ समस्याएं आएंगी पर फ्लाइट निरस्त नहीं होगी। 

गोवा के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट, सीधी उड़ान में समय: चकेरी एयरपोर्ट से गोवा के लिए सीधी उड़ान पर विचार चल रहा है हालांकि अभी इसमें वक्त लगेगा। मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में लखनऊ से सीधी फ्लाइट मिल रही है।

हाेमवर्क किया है, खूब मिलेगा यात्री लोड: विमानन कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक विक्रय दीपक खरे ने बताया कि सेवाएं शुरू करने से पहले कंपनी ने होमवर्क किया है। यात्री लोड की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि लखनऊ के यात्री लोड में कानपुर और आसपास के जिलों की 50 फीसदी भागीदारी है। चूंकि हमारे विमान भी 180 सीटर हैं ऐसे में यात्रियों को सीट न मिलने की समस्या नहीं होगी। उत्तर प्रदेश में कानपुर सातवां शहर है जहां से विमान सेवा शुरू की है। इससे पहले कंपनी लखनऊ, बरेली, वाराणसी, आगरा, गोरखपुर और प्रयागराज से विमान सेवा संचालित कर रही है। 

फ्लाइट का शेड्यूल:-

-बंगलुरू से कानपुर आएगी : 1:45 बजे

-कानपुर से बंगलुरू जाएगी : 4:05 बजे

-हैदराबाद से कानपुर आएगी : 2:30 बजे

-कानपुर से हैदराबाद जाएगी : 4:35 बजे

-मुंबई से कानपुर आएगी : 3:25 बजे

-कानपुर से मुंबई जाएगी : 5:45 बजे

chat bot
आपका साथी