Unique Wedding: फेरों से पहले मंडप से भागा दूल्हा, बरात में आए युवक से शादी काे तैयार हुई दुल्हन

कानपुर के महाराजपुर में मामला सामने आया है बराती बनकर शादी में आए बिचौलिये के भाई को दूल्हा बनाकर मंडप में बिठा दिया और सात फेरे करा दिए गए। दरअसल दुल्हन के परिवार पर बात लोकलाज की बन गई थी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 08:58 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 07:41 AM (IST)
Unique Wedding: फेरों से पहले मंडप से भागा दूल्हा, बरात में आए युवक से शादी काे तैयार हुई दुल्हन
कानपुर के महाराजपुर में सामने आया शादी का अनोखा मामला।

कानपुर, जेएनएन। अगर कोई किसी शादी में बराती बनकर पहुंचे और फिर उसे ही दूल्हा बना दिया जाए तो उसका क्या हाल होगा। जीवन संगिनी दिखने में कैसी होगी, स्वभाव क्या होगा, ऐसे न जाने कितने सवाल उसके मन में उथल-पुथल मचा रहे होंगे। आज जब शादी से पहले लड़के और लड़की को पहले देख लेने और बात करने की रस्म भी कराई जाती है और तब किसी युवा को अचानक बिना लड़की दिखाए मंडप में बिठा दिया जाए तो उसके दिल पर क्या गुजरी होगी। जी हां, ऐसा ही मामला कानपुर के महाराजपुर में सामने आया है। बराती बनकर शादी में पहुंचे युवक को ही दूल्हा बनाकर मंडप में बिठा दिया गया, दरअसल दुल्हन के परिवार पर बात लोकलाज की बन गई थी।

महाराजपुर थाना क्षेत्र के नर्वल में एक शादी समारोह में ऐसी ही घटना हुई है। यहां शादी में बरातियों के साथ बिचौलिये शादी तय कराने वाला का भाई भी आया था। शादी समारोह में कुछ ऐसा हुआ कि बिचौलिये के भाई को दूल्हा बनाकर मंडप में बिठा दिया गया। दरअसल, नर्वल रायपुर में रहने वाले एक परिवार ने बेटी की शादी पड़ोस के गांव पाल्हेपुर में तय की थी। वरीक्षा और तिलक आदि की भी रस्म हो चुकी थीं। शुक्रवार को शादी का कार्यक्रम तय हुआ था।

वर पक्ष पूरी बरात लेकर गांव आया था और जनातियों ने बरातियों का स्वागत किया था। बैंड बाजे के साथ बरात की अगवानी की पूरी तैयारी हो चुकी थी। इस बीच अचानक दूल्हा कहीं गायब हो गया। वर पक्ष दुल्हे की तलाश करने में जुट गया। कन्या पक्ष बरात का इंतजार कर रहा था और वर पक्षा से देरी का कारण पूछ रहा था। वर पक्ष दूल्हे की तलाश करते हुए कन्या पक्ष को टाल रहा था। आधी रात तक जब दूल्हा न लौटा और न ही किसी को मिला तो वर पक्ष ने कन्या पक्ष को पूरी सचाई बयां की। दूल्हे के गायब होने की जानकारी होते ही पूरे जनाती और बरातियों में सन्नाटा छा गया।

कन्या पक्ष के पंडाल में जयमाल का कार्यक्रम के लिए स्टेज सजा रहा और दूल्हन हाथों में मेहंदी लगाए बैठी रही। दुल्हन को जब दूल्हे के गायब होने की जानकारी हुई तो वह भी अवाक रह गई। वही कन्या पक्ष को बेटी की शादी और लोकलाज की चिंता सताने लगी। वर पक्ष बार-बार कन्या पक्ष से माफी मांगता रहा। कन्या पक्ष से भी लोगों ने दूल्हे की काफी तलाश की लेकिन सुबह तक वह कहीं नहीं मिला। लोकलाज बचाने और खर्च को लेकर कन्या पक्ष के लोग नाराजगी जताते हुए दूल्हे के पिता और बिचौलिया को भरा बुरा कहने लगे। इसपर बिचौलिया आगे और बराती बनकर आए भाई से शादी कराने का प्रस्ताव रख दिया। ऐसे समय में कन्या पक्ष के पास दूसरा कोई रास्ता नहीं था और उन्होंने भी हामी भर दी।

बरात में आए बिचौलिये के भाई काे दूल्हा बनाकर मंडप में बिठा दिया गया। द्वारचार की रस्म के बाद दुल्हन के स्टेज पर आते जयमाल की रस्म अदा की गई। इसके बाद सात फेरे लेकर दोनों सात जन्मों के बंधन में बंध गए। बेटी की शादी होने के बाद पिता ने गायब हुए दूल्हे व उनके स्वजन के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। नर्वल इंस्पेक्टर शेष नारायण पांडेय ने बताया कि बरात से ठीक पहले दूल्हे धर्मेंद्र के गायब होने की सूचना पिता धर्मपाल ने दी थी। इसपर गुमशुदगी दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी जांच करके कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी