Kannauj Incident: चोरी करते समय दानपात्र में फंस गया हाथ, रातभर तड़पता रहा किशोर चोर

कन्नौज सदर कोतवाली के गांव मड़हारपुर में मजार पर रात में साथियों के साथ दानपात्र का धन चोरी करने के लिए किशोर आया था। दानपात्र से धन निकालने के लिए ऊपरी हिस्से से हाथ अंदर डाला तो फंस गया और पूरी रात फंसा रहा।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 11:58 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 12:27 PM (IST)
Kannauj Incident: चोरी करते समय दानपात्र में फंस गया हाथ, रातभर तड़पता रहा किशोर चोर
कन्नौज के मड़हारपुर गांव की मजार में घटना हुई है।

कन्नौज, जेएनएन। कहते हैं कि ऊपर वाला सब देखता है और सजा भी देता है। कुछ ऐसा ही कन्नौज के एक गांव में मजार में किशोर के साथ हुआ, यहां चोरी करने आए किशोर का हाथ दानपात्र से धन निकालते समय फंस गया। उसका हाथ ऐसा फंसा कि फिर निकल न सका और पूरी रात वह दर्द से तड़पता रहा और साथी भी उसे छोड़कर फरार हो गए। सुबह उसके रोने की आवाज सुनकर लोग पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर आई पुलिस ने उसका हाथ दानपात्र से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया है।

कन्नौज सदर कोतवाली के गांव मड़हारपुर में बाबा हज़रत लाल शहीद की मजार है। सोमवार रात किशोर अपने साथी चौधरियापुर निवासी के साथ मजार पहुंचा। यहां रखे लोहे के दानपात्र से पैसे चोरी करने का प्रयास किया। मगर ताला लगा होने के कारण कामयाबी नहीं मिली। लिहाजा दोनों ने किसी तरह सरिया या लोहे की दूसरी चीजों की मदद से दानपात्र का ऊपरी हिस्सा उचका दिया। इसके बाद एक किशोर ने उसमें हाथ डाल दिया। पैसे निकालने के दौरान उसका हाथ फंस गया। काफी कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। रातभर कोशिश करता रहा, मगर हाथ नहीं निकला। सुबह हुई तो उसका साथी वहां से भाग गया, जिसका हाथ दानपात्र में फंसा था वह वहीं बैठा-बैठा रोने लगा।

उसकी आवाज सुनकर गांव के लोग मजार पहुंचे। गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मजार की देखरेख करने वालों से चाभी मंगाकर दानपात्र का ताला खुलवाया और युवक का हाथ बाहर निकाला। पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी विकास राय ने बताया कि किशोर मैनपुरी का रहने वाला है। वह मानीमऊ स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता है। वह गंभीर बीमारी से पीड़ित है। बताया जा रहा है उसे कैंसर है। किशोर को उनके स्वजन के हवाले कर दिया गया है। मामले में तहरीर नहीं मिली है, लिहाजा कोई कार्रवाई अभी तक नहीं की गई है।

chat bot
आपका साथी