कानपुर में अवैध बूचड़खाना पकड़वाने पर बजरंग दल व विहिप कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला, गोवंशों के अवशेष भी बरामद

थाना प्रभारी अमित तोमर ने मनोज पांडेय ने बताया कि 11 आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। आरोपितों पर गो-हत्या अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं मकान से मिले मांस के सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Mon, 05 Jul 2021 10:32 PM (IST) Updated:Mon, 05 Jul 2021 10:32 PM (IST)
कानपुर में अवैध बूचड़खाना पकड़वाने पर बजरंग दल व विहिप कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमला, गोवंशों के अवशेष भी बरामद
बूचड़खाना को बंद कराते पुलिसकर्मियों की फोटो।

कानपुर, जेएनएन। जाजमऊ स्थित बीमा अस्पताल के पास एक मकान में अवैध रूप से चल रहे बूचड़खाने को पकड़वाने गए बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं पर आरोपितों ने पुलिस के सामने ही चापड़ से कातिलाना हमला कर दिया। जिसके बाद बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय लोगों की मदद से 11 आरोपितों को पकड़ लिया। जबकि मुख्य आरोपित भागने में कामयाब हो गए। इस बीच कमरे में गोवंशों के अवशेष मिलने पर बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। बवाल बढ़ने की सूचना पर चकेरी और रेलबाजार थाने का फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से करीब तीन क्विंटल मांस के अलावा एक चापड़, एक कुल्हाड़ी और इलेक्ट्रानिक तराजू भी बरामद किया है।  बजरंग दल कार्यकर्ताओं के अनुसार करीब 15 दिनों से उन्हें जाजमऊ के बीमा अस्पताल के पास रहने वाले आरिफ गद्​दू के मकान में गोकुशी होने की शिकायत मिल रही थी। सोमवार सुबह करीब 9 बजे उन्हें क्षेत्रीय लोगों ने गोकुशी होने की सटीक जानकारी दी। जिसके बाद क्षेत्रीय लोगों के साथ बजरंग दल के विभाग संयोजक अमरनाथ, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष हेमंत सेंगर, विहिप के उपाध्यक्ष आनंद सिंह, सरस सौनी समेत अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उन लोगों ने डायल 112 पर गोकुशी की सूचना दी। मौके पर पीआरवी के पहुंचने के बाद उन लोगों ने मकान के अंदर दाखिल होने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान मकान के भीतर गोकशी कर रहे आरोपितों ने पुलिस के सामने ही उन लोगों को चापड़ और कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा लिया। जिसमें आयुष पाल नाम के कार्यकर्ता के दाहिने हाथ में चापड़ लग गया। गनीमत ये रही कि उसे ज्यादा चोट नहीं आई। इस दौरान कुछ लोग गिरकर चुटहिल भी हो गए। अवैध बूचड़खाना संचालक आरिफ गद्​दू भागने में कामयाब हो गए। जिसके बाद बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। 

इनका ये है कहना: थाना प्रभारी अमित तोमर ने मनोज पांडेय ने बताया कि 11 आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। आरोपितों पर गो-हत्या अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं मकान से मिले मांस के सैंपल को जांच के लिए भेजने के बाद करीब तीन क्विंटल मांस को दफना दिया गया है। साथ ही आरोपितों के चार दोपहिया वाहन, एक डी-फ्रीजर, एक जीप, दो लोडर और एक ई-रिक्शा जब्त किया गया है। 

पुलिस की शह पर अवैध बूचड़खाना चलने का आरोप: क्षेत्रीय लोगों के अनुसार आरोपित आरिफ आपराधिक प्रवृत्ति का है। वह पहले भी गोकुशी समेत मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुका है। कुछ माह पहले ही वह जेल से छूटकर आया है। जिसके बाद वह चकेरी पुलिस और जाजमऊ चौकी के सिपाहियों के सहयोग से अवैध बूचड़खाना संचालित कर रहा था। 

पुलिस और बजरंग दल व विहिप कार्यकर्ताओं में हुई झड़प: बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं ने मौके पर गोवंशों के अवशेष देखकर हंगामा शुरू कर दिया। बवाल बढ़ने की आशंका पर चकेरी थाना प्रभारी अमित तोमर, रेलबाजार थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव और जाजमऊ चौकी प्रभारी मनोज पांडेय भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर कार्यकर्ताओं ने पुलिस से अवैध बूचडख़ाना चलाने में सहयोग करने की बात कही। जिस पर कुछ पुलिसकर्मी भड़क गए। जिसको लेकर बजरंग दल और विहिप कार्यकर्ताओं व पुलिस में झड़प होने लगी। जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ता दोनों एक दूसरे पर आरोप लगाकर वीडियो बनाने लगे। हालांकि पुलिस द्वारा आरोपितों पर सख्त कार्यवाई का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ। 

chat bot
आपका साथी