कानपुर एयरपार्ट पर संसाधन नहीं होने से रद हुई हैदराबाद फ्लाइट, आगे भी करना पड़ सकता है इंतजार

हैदराबाद की फ्लाइट निरस्त होने का बड़ा कारण भी संसाधनों की कमी ही है। हैदराबाद और मुंबई की फ्लाइट कई बार एक साथ आ या आगे पीछे हो जाती हैं। ऐसे में एयरपोर्ट पर दो विमानों के यात्री एक साथ पहुंचने से बोर्डिंग टिकट क्लीयरेंससिक्योरिटी चेकिंग में समस्याएं आने लगी।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 07:42 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 07:42 AM (IST)
कानपुर एयरपार्ट पर संसाधन नहीं होने से रद हुई हैदराबाद फ्लाइट, आगे भी करना पड़ सकता है इंतजार
एयरपोर्ट पर चार फ्लाइट के बावजूद अभी कम नहीं हुई हैं समस्याएं।

कानपुर, जागरण संवाददाता। चकेरी एयरपोर्ट पर सुविधाओं की कमी कोई नई बात नहीं है लेकिन, अब यह यात्रियों के साथ विमान सेवा पर भी असर डालने लगी है। संसाधनों की कमी का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि विमानन कंपनी को भरपूर यात्री लोड के बावजूद हैदराबाद की फ्लाइट निरस्त करनी पड़ी। एक फ्लाइट कम होने के बाद चार फ्लाइट हैं लेकिन यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई है। यात्री समस्याओं से जूझते हुए सफर करने को मजबूर हैं।

चकेरी एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट पौने एक बजे के करीब आती है जबकि दूसरी सवा एक बजे। तीसरी फ्लाइट दो बजे, चौथी फ्लाइट करीब तीन बजे और पांचवीं फ्लाइट करीब चार बजे आती है। दिल्ली का विमान 78 सीटर है जबकि अन्य सभी विमान 180 सीटर हैं। सभी फ्लाइट में यात्री लोड वर्तमान में 85 फीसद से अधिक है। ऐसे में यात्रियों की अच्छी खासी संख्या एयरपोर्ट पहुंचती है। कई बार देरी के चलते फ्लाइट एक साथ आ जाती है। चूंकि एयरपोर्ट पर जगह और संसाधनों की काफी कमी है ऐसे में यह स्थिति और विपरीत हो जाती है। बता दें एयरपोर्ट बिल्डिंग में सौ यात्रियों के बैठने की क्षमता है लेकिन जब अन्य विमानों के यात्री एक साथ पहुंचते हैं तो एयरपोर्ट बिल्डिंग के अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं होती। ऐसे में विमानन कंपनियों को उनकी टिकट की पूरी कीमत दे रहा यात्री समस्याओं से जूझते हुए सफर करने को मजबूर है।

इसलिए निरस्त करनी पड़ी हैदराबाद की फ्लाइट

हैदराबाद की फ्लाइट निरस्त होने का बड़ा कारण भी संसाधनों की कमी ही है। दरअसल हैदराबाद की फ्लाइट के आने का समय दोपहर दो बजे का था। इसके बाद मुंबई की फ्लाइट आती है। दोनों विमान 180 सीटर हैं जिसमें 85 फीसद से अधिक का लोड रहता है। अधिकारी बताते हैं कि अक्सर दोनों फ्लाइट आगे पीछे हो जाती थीं। ऐसे में एयरपोर्ट पर दो विमानों के यात्री एक साथ पहुंचने से बोर्डिंग, टिकट क्लीयरेंस, सिक्योरिटी चेकिंग में समस्याएं आने लगी। इसे देखते हुए हैदराबाद फ्लाइट का समय आगे बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया लेकिन अंतत: समय प्रबंधन न होने के चलते इसे निरस्त करना पड़ा। अधिकारी बताते हैं कि फिलहाल इसे 15 दिसंबर तक निरस्त किया गया है। परिस्थितियों में कोई सुधार नहीं हुआ तो इसे आगे भी निरस्त किया जा सकता है। नई टर्मिनल बिल्डिंग बनने के बाद ही सेवाएं नियमित हो सकेंगी।

समयसारणी:

फ्लाइट          आगमन         प्रस्थान

दिल्ली        12:40         01:00

बेंगलुरु       01:15        01:45

हैदराबाद     02:00        02:30

मुंबई         02:55        03:25

मुंबई         03:40        04:10

chat bot
आपका साथी