भांजे की सगाई से लौट रहे थे दंपती, रास्ते में कार से कुचलकर दोनों की गई जान Banda News

भागने के चक्कर में कार पेड़ से टकराई मृतक के स्वजन ने झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर लगाया जाम।

By AbhishekEdited By: Publish:Fri, 21 Feb 2020 02:52 PM (IST) Updated:Fri, 21 Feb 2020 04:05 PM (IST)
भांजे की सगाई से लौट रहे थे दंपती, रास्ते में कार से कुचलकर दोनों की गई जान Banda News
भांजे की सगाई से लौट रहे थे दंपती, रास्ते में कार से कुचलकर दोनों की गई जान Banda News

बांदा, जेएनएन। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर भांजे की सगाई से लौट रहे बाइक सवार दंपती की तेज रफ्तार कार से कुचलकर मौत हो गई। वहीं दुर्घटना करने वाली कार पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। हादसे के मृतक के गुस्साए स्वजनों व रिश्तेदारों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम खुल सका।

देर रात बाइक से लौटते समय हुआ हादसा

सर्वोदय नगर निवासी 45 वर्षीय राधेश्याम गुप्ता व उसकी 38 वर्षीय पत्नी राजकुमारी गुरुवार को अपने भांजे आशीष की सगाई में शामिल होने अतर्रा गए थे। वहां से देर रात दोनों बाइक पर वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में हाईवे पर गिरवां थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ पुलिया के पास आ रही तेज रफ्तार वैगनआर कार ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक ने भागने का प्रयास किया तो हड़बडा़हट में तेज रफ्तार कार आगे जाकर कच्ची सड़क के पास पेड़ से टकरा गई। इससे कार चालक बीरन सिंह निवासी गौतमबुद्धनगर भी घायल हो गया।

आश्वासन पर तीन घंटे बाद खोला जाम

उधर, कार्यक्रम से लौट रहे दंपती के भतीजे रोहित व अन्य स्वजनों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि आरोपित चालक को गिरफ्तार कर पीडि़त परिवार को आर्थिक मदद के रूप में मुआवजा दिलाया जाए। करीब तीन घंटे तक हाइवे में जाम लगा रहा। एसडीएम अतर्रा सौरभ शुक्ला व सीओ सिटी आलोक मिश्रा के आश्वासन के बाद किसी तरह जाम खुल सका। भतीजे ने पुलिस को बताया कि वह घर में परचून की दुकान से परिवार का भरण-पोषण करते थे। थाना प्रभारी गिरवां शशि कुमार पांडेय ने बताया कि कार चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अभी किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। 

chat bot
आपका साथी