Mahoba Case: पत्नी के गर्भवती होने पर बच्चे के जन्म को लेकर खुश था पति, सुबह कमरे में मिले दोनों के शव

महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के बरबई गांव में शादी के दो साल बाद पत्नी के गर्भवती होने पर पति भी उत्साहित था। सोमवार की सुबह कमरे में चारपाई के पास पत्नी मृत पड़ी थी और दूसरी ओर पति का शव फांसी के फंदे से लटक रहा था।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 01:54 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 01:54 PM (IST)
Mahoba Case: पत्नी के गर्भवती होने पर बच्चे के जन्म को लेकर खुश था पति, सुबह कमरे में मिले दोनों के शव
महोबा के कबरई के गांव में वारदात से सनसनी मच गई।

महोबा, जेएनएन। कबरई थाना क्षेत्र के बरबई गांव में मकान के अंदर कमरे में दंपती शव मिलने से लोगों में सनसनी फैल गई। सात माह की गर्भवती पत्नी का शव चारपाई के पास पड़ा था और दूसरी ओर पति की लाश फांसी के फंदे पर लटक रही थी। माना जा रहा है कि पिटाई से पत्नी की मौत के बाद पति ने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हत्या और आत्महत्या की वजह की जानकारी करनी शुरू कर दी है। हालांकि ग्रामीणों और पड़ोसियों ने पति और पत्नी के बीच झगड़ा होने की जानकारी दी है लेकिन वजह स्पष्ट नहीं कर सके हैं।

कबरई थाना क्षेत्र के बरबई गांव में रहने वाले बुद्धू के 25 वर्षीय पुत्र धूपचंद की शादी दो साल पहले बीला दक्षिण गांव में 22 वर्षीय गोमती से हुई थी। धूपचंद करीब एक साल से पिता से अलग दूसरे मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। खेती-किसानी के साथ वह मजदूरी करके पत्नी की देखभाल और गुजर बसर कर रहा था। गोमती सात माह की गर्भवती थी और बच्चे के जन्म को लेकर दोनों काफी उत्साहित थे। सोमवार की सुबह पति और पत्नी के शव कमरे के अंदर मिलने से सनसनी मच गई। चारपाई के पास गर्भवती गोमती की लाश पड़ी थी और धूपचंद का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। सूचना पर आई पुलिस ने छानबीन शुरू की।

पुलिस की पूछताछ में पिता बुद्धू ने बताया कि धूपचंद अक्सर नशे की हालत में घर आकर अपनी पत्नी से विवाद करता था। बहू गोमती टोकती तो वह मारपीट पर उतारू हो जाता था। एक माह पहले भी पत्नी से झगड़ कर धूपचंद ने फांसी का फंदा गले में डालकर जान देने की कोशिश की थी। सोमवार की रात को भी काफी देर तक मकान से दोनों के झगड़ने की आवाजें आ रही थीं। सुबह काफी देर तक जब मकान से कोई आहट नहीं मिली तो वह दरवाजे तक गए थे। बाहर खपरैल के आगे बने कमरे का दरवाजा बंद था लेकिन कुंडी खुली थी। धक्का देकर दरवाजा खोला तो बहू और बेटे के शव मिले।

बहू को सात माह का गर्भ भी था और एक सप्ताह पहले वह अस्पताल से जांच कराकर आई थी। दोनों ही बच्चे के जन्म को लेकर काफी खुश भी थे। थाना प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दंपती के शव एक ही कमरे में मिले हैं। मायके वाले भी घटना की जानकारी पर आ गए थे, अभी तक मामले की तहरीर नहीं मिली है। ग्रामीणों को संदेह है कि पिटाई से पत्नी की मौत के बाद युवक ने खुदकुशी की है।

chat bot
आपका साथी