कानपुर में लॉकडाउन के दौरान खाद्यान्न के लिए परेशान सैकड़ों कार्डधारक, समस्या से अधिकारियों को कराया गया अवगत

साप्ताहिक बंदी में लोग पहले ही परेशान हैं खाद्यान्न न मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई। वहीं अन्य दुकानों पर कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए खाद्यान्न का वितरण किया गया। दुकानों पर मास्क सैनिटाइजर भी उपलब्ध रहे।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 05:56 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 05:56 PM (IST)
कानपुर में लॉकडाउन के दौरान खाद्यान्न के लिए परेशान सैकड़ों कार्डधारक, समस्या से अधिकारियों को कराया गया अवगत
कानपुर में खाद्यान्न वितरण से संबंधित प्रतीकात्मक तस्वीर।

कानपुर, जेएनएन। मई का खाद्यान्न वितरण शुरू हो चुका है। साप्ताहिक बंदी में शुरु हुए खाद्यान्न वितरण के दौरान कोटेदारों तक खाद्यान्न न पहुंचने से सैकड़ों राशनकार्ड धारक परेशान हैं। जिलापूर्ति अधिकारी ने गोदाम से सभी कोटेदारों तक खाद्यान्न पहुंचाने को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया है।

इस महीने पांच से 14 मई तक खाद्यान्न वितरण होना है। सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत अब गोदाम से सीधे कोटेदारों तक खाद्यान्न पहुंचाया जाता है। बुधवार को जहां 45 फीसद कोटेदारों तक खाद्यान्न नहीं पहुंचा वहीं गुरुवार को भी यही स्थिति बनी रही। साप्ताहिक बंदी में लोग पहले ही परेशान हैं, खाद्यान्न न मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई। वहीं अन्य दुकानों पर कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए खाद्यान्न का वितरण किया गया। दुकानों पर मास्क सैनिटाइजर भी उपलब्ध रहे। कई दुकानों पर भीड़ के चलते शारीरिक के मानक टूटते रहे।

सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत खाद्यान्न गोदाम से सीधे कोटेदारों तक पहुंचाए जाने की व्यवस्था की गई है। यह व्यवस्था राशन वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए शुरु की गई है। पिछले दो महीने से गोदाम से कोटेदारों तक खाद्यान्न पहुंचने में विलंब की वजह से राशनकार्ड धारकों को भटकना पड़ रहा है। इस महीने अंत्योदय तथा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को राशन वितरण शुरु हो गया लेकिन 1408 में 494 दुकानों पर खाद्यान्न नहीं पहुंचा। इसकी वजह से राशनकार्ड धारकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। वहीं दूसरी तरफ जिन दुकानों पर खाद्यान्न पहुंचा वहां पहले दिन राशन कार्ड धारकों की भीड़ रही। इस दौरान कई दुकानों पर शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया गया। खाद्यान्न बांटने के लिए एक-एक मीटर की दूरी पर गोले भी नहीं बनाए गए। अधिकांश कोटेदारों के पास मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध रहा।

इन राशन कार्डों पर इतना खाद्यान्न: पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट तीन किलोग्राम गेंहू तथा दो किलोग्राम चावल (पांच किलोग्राम प्रति यूनिट), अंत्योदय कार्ड धारकों को प्रति कार्ड 20 किलोग्राम गेंहू, 15 किलोग्राम चावल (35 किलोग्राम खाद्यान्न)। राशन कार्ड धारकों को दो रुपये प्रति किलोग्राम गेंहू, तीन रुपये प्रति किलोग्राम चावल मिलेगा।

इनका ये है कहना

14 मई तक खाद्यान्न का वितरण होना है। गोदाम से सभी कोटेदारों तक खाद्यान्न नहीं पहुंचा है। इसकी वजह से कई दुकानों पर खाद्यान्न वितरण नहीं हो पा रहा है। - अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, जिलापूर्ति अधिकारी

chat bot
आपका साथी