मुंबई में हालात बिगड़ने पर प्रवासियों की घर वापसी तेज

महाराष्ट्र सरकार ने कोविड के बढ़ते मामलों के बाद राज्य में लगाई है 144 धारा। साथ ही सभी आवश््यक सेवाओं को बंद करने का आदेश दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 01:46 AM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 01:46 AM (IST)
मुंबई में हालात बिगड़ने पर प्रवासियों की घर वापसी तेज
मुंबई में हालात बिगड़ने पर प्रवासियों की घर वापसी तेज

जागरण संवाददाता, कानपुर : महाराष्ट्र सरकार ने कोविड के बढ़ते मामलों के बाद राज्य में धारा 144 लागू कर सभी गैर जरूरी सेवाओं को बंद करने के निर्देश दिए हैं। महाराष्ट्र में मिनी लॉकडाउन से पैदा हुईं परिस्थितियों के बीच प्रवासियों की घर वापसी का सिलसिला भी एक बार फिर तेज हो गया है। शुक्रवार को सेंट्रल स्टेशन पर मुंबई से ट्रेनें पहुंचीं तो उनमें पैर रखने की जगह नहीं थी।

सेंट्रल स्टेशन पर शुक्रवार की दोपहर पनवेल-गोरखपुर विशेष ट्रेन में प्रवासियों की संख्या देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि प्रवासी लॉकडाउन से कितने खौफजदा थे। गोरखपुर जा रहे आदित्य मिश्रा ने बताया कि मुंबई के हालात ठीक नहीं हैं। लॉकडाउन पूरी तरह नहीं है, लेकिन परिस्थितियां उससे भी कम नहीं है। वहां लोगों के संक्रमित होने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि घर वापस लौट रहे हैं। गोंडा के रोहित, बस्ती के अमान उल्लाह और राजवीर का भी यही कहना था।

शुक्रवार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल व लोकमान्य तिलक टर्मिनल से करीब एक दर्जन ट्रेनें सेंट्रल पहुंची, जिसमें घर वापसी करने वाले प्रवासियों की संख्या अधिक थी। प्रवासियों का आवागमन बढ़ा तो जीआरपी और आरपीएफ भी कोरोना प्रोटोकॉल के पालन कराने को लेकर सक्रिय हो गईं।

रोडवेज अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश रद

जागरण संवादादाता,कानपुर: प्रवासियों की वापसी के चलते रोडवेज ने 100 बसें हमेशा तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। रोडवेज अधिकारियों व कर्मचारियों का अवकाश रद कर दिया गया है। रोडवेज प्रबंध निदेशक धीरज साहू ने निर्देशित किया है कि प्रत्येक क्षेत्र अपने बस बेड़े में उपलब्ध शत प्रतिशत बसों को संचालन करें। अपने क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर इन प्रदेशों से आने वाली ट्रेनों की जानकारी करें, उसके आधार पर प्रवासियों के आगमन की संख्या का आकलन कर बसें उपलब्ध कराएं।

chat bot
आपका साथी