योग टॉवर में हिस्ट्रीशीटर ने बुटीक संचालिका को मारी गोली

जागरण संवाददाता, कानपुर : सिविल लाइंस के योग टॉवर अपार्टमेंट में घुसकर हिस्ट्रीशीटर मेहताब

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Mar 2018 12:08 PM (IST) Updated:Mon, 12 Mar 2018 12:08 PM (IST)
योग टॉवर में हिस्ट्रीशीटर ने बुटीक संचालिका को मारी गोली
योग टॉवर में हिस्ट्रीशीटर ने बुटीक संचालिका को मारी गोली

जागरण संवाददाता, कानपुर : सिविल लाइंस के योग टॉवर अपार्टमेंट में घुसकर हिस्ट्रीशीटर मेहताब आलम उर्फ चांद कुरैशी ने एक बुटीक संचालिका को बेटी के मंगेतर की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार दी। आवाज सुनकर गेट पर तैनात गार्ड दौड़े तो अनवरगंज का शातिर आरोपित उन्हें भी रिवाल्वर दिखा धमकाते हुए फरार हो गया। रविवार सुबह मंगेतर ने मुकदमा लिखाया। पुलिस ने आरोपित को बेकनगंज में रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया। महिला की बेटी ने कहा कि लेनदेन का विवाद है। चांद ने धमकी दी है कि उसकी शादी नहीं होने देगा।

योग टॉवर अपार्टमेंट के जी-104 फ्लैट में बेटियों आकांक्षा (23), शिवानी (21) व बेटे विशाल (10) के साथ रह रहीं गीता गुप्ता का नवीन मार्केट में बुटीक है। आठ साल पूर्व पति महेंद्र गुप्ता से तलाक हो गया था। गीता ने कहा कि अनवरगंज नई सड़क निवासी मेहताब आलम उर्फ चांद कुरैशी से कारोबार के लिए उन्होंने एक लाख रुपये लिए थे। एक महीने से मेहताब रकम का तगादा कर रहा है।

शनिवार देर रात बेटी शिवानी का मंगेतर रूरा (कानपुर देहात) निवासी राशन डीलर दीपू गुप्ता मिलने आया था। इसी दौरान महताब फ्लैट पर आया और उसने गालीगलौज व मारपीट शुरू कर दी। दीपू के मुताबिक गीता से कहा कि जब तक रकम नहीं मिल जाती, वह शिवानी की शादी नहीं होने देगा। इस पर नोकझोंक हुई। वह मां व बेटियों को पीटने लगा। विरोध पर उसने दीपू की कमर पर लगी लाइसेंसी रिवाल्वर छीनकर गोली चला दी, जो गीता के हाथ में लगी। दीपू पर भी फायर किया लेकिन दीपू बाहर भागा और गार्डो को आवाज दी। गार्डो के आने पर हमलावर रिवाल्वर दिखाते हुए फरार हो गया। गीता को निजी अस्पताल ले जाया गया। मारपीट में दीपू की चेन भी खो गई। सूचना पर एसपी पश्चिम फोर्स संग पहुंचे और जांच की। रविवार सुबह महताब को गिरफ्तार कर लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद कर ली गई।

महिला के कारोबारी रिश्ते ढूंढ रही पुलिस

महताब आलम क्षेत्र का चर्चित अपराधी है और महिला बुटीक संचालिका। दोनों के कारोबारी रिश्तों के बारे में पुलिस पड़ताल कर रही है। दो बार पुलिस पूछताछ करने अस्पताल गई लेकिन महिला ने कुछ नहीं बताया। तहरीर देने से भी इन्कार कर दिया। बोली महताब से कोई शिकायत नहीं है।

महताब पर विभिन्न थानों में 44 मुकदमे

हिस्ट्रीशीटर महताब आलम पर मूलगंज, अनवरगंज, बेकनगंज, कलक्टरगंज, मौरावां (उन्नाव), अजगैन (उन्नाव) थानों में 44 मुकदमे हैं। अनवरगंज पुलिस ने उस पर रासुका भी लगाई थी। साथ ही बलवा, हत्या, हत्या का प्रयास, आ‌र्म्स एक्ट, गुंडा, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण, एनडीपीएस एक्ट के भी मुकदमे हैं।

इस मामले में एसपी पश्चिम डॉ. गौरव ग्रोवर का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर का महिला से लेनदेन का विवाद है। शनिवार रात इसी बात पर उसका दीपू व महिला से झगड़ा हुआ तब उसने दीपू की रिवाल्वर छीन गोली चला दी। महिला के दायें हाथ में चोट आई है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

chat bot
आपका साथी