ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार की मौत, कानपुर के रामादेवी फ्लाईओवर पर लगा जाम

कानपुर शहर में हाइवे पर रामादेवी फ्लाइओवर पर ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहनों का आवागमन प्रभावित होने से जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 11:39 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 11:39 AM (IST)
ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार की मौत, कानपुर के रामादेवी फ्लाईओवर पर लगा जाम
कानपुर में हादसे के बाद हाइवे पर जाम में वाहन फंस गए।

कानपुर, जेएनएन। हाइवे पर रामादेवी स्थित फ्लाइओवर पर शनिवार की सुबह ट्रक ने मोपेड में टक्कर मार दी और सड़क पर गिरे राजमिस्त्री को कुचल दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई और घटना के बाद कुछ दूर पर ट्रक खड़ा करके चालक भाग निकला। इससे फ्लाइओवर पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया और जाम लग गया। पुलिस ने ट्रक को थाने भिजवा कर यातायात सुचारु कराया और हादसे की जानकारी मृतक के स्वजन को दी।

कानपुर के बर्रा निवासी 45 वर्षीय विनोद कुमार प्रजापति राजमिस्त्री थे। परिवार में पत्नी माया और दो बच्चे हैं। शनिवार सुबह वह घर से मोपेड लेकर सरसौल काम करने जा रहे थे। रास्ते में रामादेवी फ्लाईओवर पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मोपेड में टक्कर मार दी, जिससे वह गिर पड़े। इस बीच ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया तो उनके सिर के ऊपर से पहिया गुजर गया। हादसे में राजमिस्त्री की मौके पर मौत हो गई। घटनास्थल से कुछ दूर चालक ट्रक किनारे खड़ा करके भाग गया।

इससे हादसे के बाद यातायात प्रभावित होने लगा और फ्लाइओवर पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के साथ ट्रक को हाइवे से हटाकर थाने भिजवाया। इसके करीब 15 मिनट बाद यातायात सुचारु कराया तब वाहनों का संचालन शुरू हो सका। थाना प्रभारी दधिबल तिवारी ने बताया कि ट्रक की टक्कर से मोपेड सवार की मौत हुई है। घटनास्थल से कुछ दूर हाईवे पर ट्रक खड़ा मिला है, जिसे कब्जे में लिया गया है। स्वजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी