घाटमपुर उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देगी बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी

कांग्रेस पार्टी टूंडला सीट पर प्रत्याशी का नामांकन पत्र खारिज होने पर जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन कर रही है वहीं घाटमपुर में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन का एलान राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में किया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 02:14 PM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 05:36 PM (IST)
घाटमपुर उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देगी बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी
घाटमपुर के गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता करते जन अधिकारी पार्टी के पदाधिकारी।

कानपुर, जेएनएन। बसपा सुप्रीमो मायावती के सर्वाधिक विश्वस्त रहे पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के नेतृत्व वाली जन अधिकार पार्टी अब घाटमपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देगी। जबकि कांग्रेस टूंडला उपचुनाव में जन अधिकार पार्टी के प्रत्याशी को समर्थन कर रही है, यह फैसला प्रत्याशियों के नामांकन खारिज होने के चलते लिया है।

हमीरपुर रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रह्ललाद मौर्य ने दोनों पार्टियों के बीच हुए समझौैते का एलान किया। प्रहलाद मौर्य ने बताया कि जन अधिकार पार्टी भागीदारी संकल्प मोर्चा का घटक दल है। इसमें ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अनिल सिंह चौहान, प्रेमचंद्र परजापति, रामधनी बिंद व देवेंद्र निषाद समेत सात पार्टियां शामिल हैं। टूंडला सीट से कांग्रेस एवं घाटमपुर (सु) सीट से जन अधिकार पार्टी के नामांकन भाजपा, सपा व भाजपा ने साजिश के तहत खारिज करवा दिए हैं। इसके चलते टूंडला सीट पर कांग्रेस उनके प्रत्याशी एवं घाटमपुर सीट पर जन अधिकार पार्टी कांग्रेस प्रत्याशी डा. कृपाशंकर संखवार को समर्थन देकर जिताएगी।

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ने कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम, अन्ना मवेेशियों, कानून व्यवस्था समेत हर एक समस्या के लिए भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया। प्रदेश कांग्रेस सचिव विकास अवस्थी एवं ग्रामीण जिलाध्यक्ष ऊषारानी कोरी ने कहा कि जन अधिकार पार्टी के समर्थन से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होगी। वार्ता के दौरान जन अधिकार पार्टी की प्रदेश महासचिव किरन कुशवाहा, कानपुर मंडल प्रभारी कालीचरन कुशवाहा एवं जय प्रकाश कुशवाहा मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी