चेतावनी बिंदु के करीब गंगा, कानपुर में बैराज से शुक्लागंज की तरफ छोड़ा 3.64 लाख क्यूसेक पानी

नरौरा बांध से आ रहे पानी के तेज बहाव से गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया है। बैराज के सभी गोट खोलकर 3.64 लाख क्यूसेक पानी शुक्लागंज की ओर छोड़ा गया है। कटरी के गांवों में पानी के घुसने का खतरा बन गया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 10:56 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 10:56 AM (IST)
चेतावनी बिंदु के करीब गंगा, कानपुर में बैराज से शुक्लागंज की तरफ छोड़ा 3.64 लाख क्यूसेक पानी
गंगा तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा बना है।

कानपुर, जागरण संवाददाता। नरौरा बांध से तेजी से आ रहे पानी के चलते गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से केवल 17 सेंटीमीटर दूर रह गया है। शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 24 घंटे में 29 सेंटीमीटर बढ़ गया। सोमवार को शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 112.52 मीटर था, जो मंगलवार को 112.83 मीटर पर पहुंच गया। कटरी से लगे गांवों में पानी पहुंचने का खतरा बढ़ गया है, जिस पर सिंचाई विभाग नजर रखे हुए है। बैराज पर दबाव न पड़े इसको लेकर सिंचाई विभाग ने मंगलवार को 3.64 लाख क्यूसेक पानी बैराज से शुक्लागंज की ओर छोड़ा।

पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद वहां भले अब हालात सामान्य हो रहे हों, पर अब उसका असर मैदानी इलाकों में दिख रहा है। पहाड़ों से आए पानी से गंगा उफान पर हैं। बाढ़ के खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग और प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है ताकि गांवों में पानी घुसने पर ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला जा सके। बढ़ते जल को देखते हुए लोगों ने गृहस्थी समेटनी शुरू कर दी है। अधिशासी अभियंता पंकज गौतम ने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ता देख सतर्कता बढ़ा दी गई है। सरसैया घाट के आसपास निचले घरों में भी पानी भर गया है।

गंगा कटरी में डूबीं सब्जी की फसलें

गंगा का जलस्तर लगातार बढऩे से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। पानी गंगा किनारे के गांवों की ओर बढऩे लगा है। कटरी के सैकड़ों किसानों की लाही, गोभी, बैगन, भिंंडी, लौकी और तरोई की फसलें जलमग्न हो गईं। लक्ष्मनपुरवा, गिल्लीपुरवा, चंदीपुरवा के किनारे तक पानी आ गया है और हिन्दुपुर के मजरे चन्दीपुरवा की गंगा की तरफ से गांव आने वाली मुख्य सड़क पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। गांव वालों ने बाढ़ के पानी को रोकने के लिए मिट्टी भरकर बोरियां गांव की तरफ आने वाले मुख्य रास्ते पर लगा दी है जिससे पानी का बहाव गांव की तरफ न आए।

ब्रह्मावर्त घाट पर निकला अजगर

बिठूर के ब्रह्मावर्त घाट पर मंगलवार शाम सीढिय़ों के पास पांच फीट लंबा अजगर मिला। नाव चला रहे नाविकों ने अजगर को देख घाट पर स्नान कर रहे लोगों को आवाज लगाकर सचेत किया। अजगर को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी। बाद में अजगर गंगा के पानी में चला गया।

बिठूर में गंगा में नहीं चलेंगी नाव

बिठूर स्थित ब्रह्मावर्त घाट में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने नाव चलाने पर रोक लगाने के आदेश दिए है।बिठूर में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे डीएम ने गंगा में जलस्तर बढऩे के बाद भी नावों को चलता देख आदेश दिया की जब तक बाढ़ है। नावें न चलाई जाएं अगर कोई न माने तो जुर्माना लगाएं। एसडीएम दीपक पाल से कटरी इलाके में गंगा की बाढ़ पर नजर बनाये रखने को कहा।

गंगा का जलस्तर

गंगा का हाल सोमवार- मंगलवार

अपस्ट्रीम पर जलस्तर - 113.83 मीटर-   114.29 मीटर

डाउनस्ट्रीम पर जलस्तर- 113.53 मीटर- 113.90 मीटर

शुक्लागंज में जलस्तर - 112.52 मीटर-  112.83 मीटर

चेतावनी ङ्क्षबदु - 113 मीटर

खतरनाक बिंदु - 114 मीटर

नरोरा बांध से छोड़ा गया जल - 66,323 क्यूसेक

बैराज से शुक्लागंज की तरफ छोड़ा गया जल- 3,64,797 क्यूसेक

chat bot
आपका साथी