Ganga Dussehra कल, जानिए- क्यों विशेष हैं जून माह के अंतिम दस दिन, क्या मिलेगा विशेष फल
जून माह के अंतिम दस दिन विशेष हैं विवाह के लिए 20 से 24 जून तक अच्छा मुहूर्त रहेगा तो खरीदारी के लिए 20 व 21 जून के दिन लाभकारी हैं। गंगा दशहरा में श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर पूरी तैयारी कर ली गई है पुलिस ने बैरिकेडिंग कराई है।
कानपुर, जेएनएन। व्रत और पर्व जीवन में खुशहाली व शुभ संयोग के प्रतीक होते हैं। जून माह के अंतिम दस दिन इस दृष्टि से विशेष फलदायी होंगे। 20 जून को गंगा दशहरा है। इस दिन पूजन व दान से शुभ फल की प्राप्ति होगी। वहीं विवाह के शुभ मुहूर्त व खरीदारी के शुभ दिनों की शुरुआत हो चुकी है। शकुंतला शक्ति पीठ के आचार्य अमरेश मिश्र के मुताबिक खरीदारी के लिए 20 व 21 जून शुभ रहेंगे, जबकि विवाह के लिए 20 से 24 जून तक विशेष मुहूर्त रहेगा।
इन तारीख में पड़ रहे विशेष व्रत और पर्व
महेश नवमी : 19 जून महेश नवमी में भगवान शिव के पूजन से परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।
गंगा दशहरा : 20 जून को गंगा दशहरा और रामेश्वर प्रतिष्ठा का शुभ पूजन होगा। यह वर्ष का महत्वपूर्ण पर्व व मुहूर्त होगा।
भीमसेनी एकादशी : 21 जून को निर्जला एकादशी के साथ भीमसेनी एकादशी और रुक्मिणी विवाह का शुभ दिन पड़ रहा है। एकादशी व्रत करने से शरीर रोग मुक्त रहता है।
अमृत सिद्धि योग : 23 जून से शुभ कार्यों के लिए अमृत सिद्धि योग रहेगा।
देव स्नान पूर्णिमा : 24 जून को देव स्नान पूर्णिमा और भगवान जगन्नाथ का विशेष स्नान किया जाएगा।
संकष्टि चतुर्थी व्रत : 27 जून को संकष्टि चतुर्थी व्रत करने से कष्टों से मुक्ति मिलेगी।