फर्रुखाबाद: गंगा दशहरा पर ध्वस्त हुई यातायात व्यवस्था, इटावा-बरेली हाईवे पर लगा भीषण जाम

दशहरा पर गंगा स्नान के लिए यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा मसेनी चौराहा भगुआनगला से पहले स्नानार्थियों के बड़े वाहन रोकने के लिए बैरियर बनाए गए थे। शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए चाचूपुर मोड़ और पांचाल घाट पुल से पहले बैरियर थे।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 03:31 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 03:31 PM (IST)
फर्रुखाबाद: गंगा दशहरा पर ध्वस्त हुई यातायात व्यवस्था, इटावा-बरेली हाईवे पर लगा भीषण जाम
इटावा-बरेली हाईवे पर लगे जाम की फोटो।

फर्रुखाबाद, जेएनएन। गंगा दशहरा के अवसर पर शायद जनपद की पुलिस को यह अनुमान ही नहीं था कि स्नान करने के लिए बेतहाशा भीड़ उमड़ पड़ेगी। यही कारण था कि रात में ही यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई और इटावा-बरेली हाईवे जाम लग गया। गंगा के पांचाल घाट पुल के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर तक कतार लग गईं। इस दौरान यातायात को संभालने के लिए पुलिस द्वारा किए गए इंतजाम बौने साबित हो गए। सुबह दस बजे तक जब स्थानीय पुलिस यातायात व्यवस्था संभाल नहीं पाई तो सीओ सिटी पहुंचे, लेकिन वह भी जाम में फंस गए। कुछ दूर वह पैदल चले तो फिर बाइक से पहुंचे। पुलिस ने तब मशक्कत की तब वाहन रेंगने लगे।

दशहरा पर गंगा स्नान के लिए यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा मसेनी चौराहा, भगुआनगला से पहले स्नानार्थियों के बड़े वाहन रोकने के लिए बैरियर बनाए गए थे। शाहजहांपुर की ओर से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए चाचूपुर मोड़ और पांचाल घाट पुल से पहले बैरियर थे। रात में यह बैरियर वाहनों को रोकने में नाकाम हो गए। इस कारण गंगा पुल पर जाम लग गया। भारी भीड़ के कारण कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। रात में यातायात व सदर कोतवाली पुलिस ने मशक्कत कर किसी तरह जाम खुलवाया, लेकिन सुबह एक बार वही स्थिति बनते देखी गई। कुछ ही देर में जाम बेकाबू हो गया, आैर एक के बाद एक वाहन फंसते गए। स्थिति यह हुई कि जाम में वाहन तो दूर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। कई श्रद्धालु अपने बच्चों को कंधों पर बैठाकर निकल रहे थे। इस दौरान कई एंबुलेंसों को भी जाम में निकलने की मशक्कत करते देखा गया। स्थिति बेकाबू देख क्षेत्राधिकारी सदर नीतेश सिंह फोर्स के साथ जाम खुलवाने पहुंचे तो उनकी भी गाड़ी जाम के कारण आगे नहीं बढ़ पाई। उसके बाद वह कुछ दूर पैदल ही जाम खुलवाने की मशक्कत करते रहे, बाद में बाइक से गए। सीओ को आता देख स्थानीय पुलिस कर्मी हरकत में अाए और दोपहर तक यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

chat bot
आपका साथी