कानपुर में एक हजार करोड़ से जीटी रोड पर बनेगा फ्लाईओवर, चढऩे और उतरने के लिए होंगे तीन प्वाइंट

कानपुर शहर में जीटी रोड पर जाम की समस्या काे देखते हुए गोल चौराहे से रामादेवी तक एक हजार करोड़ से दस किमी लंबा फ्लाईओवर बनाने की तैयारी की जा रही है। इसमें जरीब चौकी चकेरी व गोल चौराहा में रैंप और झकरकटी पुल से फ्लाईओवर जोड़ा जाएगा।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Mon, 30 Aug 2021 07:51 AM (IST) Updated:Mon, 30 Aug 2021 07:51 AM (IST)
कानपुर में एक हजार करोड़ से जीटी रोड पर बनेगा फ्लाईओवर, चढऩे और उतरने के लिए होंगे तीन प्वाइंट
जीटी रोड पर जाम की समस्या से निजात की तैयारी।

कानपुर, जेएनएन। जीटी रोड में फ्लाईओवर बनाया जाना है। इसमें पीडब्ल्यूडी एनएच की ओर से शहरवासियों की सुविधा के लिए तीन प्वाइंट बनाए जाएंगे। इससे वह फ्लाईओवर में चढ़ और उतर सकेंगे। अभियंता डीपीआर कंसलटेंट के सामने यह प्रस्ताव रखेंगे। अंतिम निर्णय कंसलटेंट ही लेगा।

अलीगढ़, दिल्ली, फर्रुखाबाद, कन्नौज, मैनपुरी, फिरोजाबाद सहित अन्य जगहों से कानपुर-प्रयागराज हाइवे से जाने वाले वाहन सवार अभी शहर में जीटी रोड होते हुए रामादेवी चौराहा से कानपुर - इटावा हाइवे की रैंप से चढ़कर प्रयागराज की ओर जाते हैं। भारी वाहनों को आवागमन ज्यादा होने से जरीब चौकी, कोकाकोला चौराहा, अफीम कोठी और टाटमिल में जाम लगता है। ऐसे में लोगों के समय की बर्बादी होती और प्रदूषण की भी समस्या का सामना करना पड़ता है। इसको देखते हुए जीटी रोड को गोल चौराहा से रामादेवी तक 10 किमी का फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जाना है।

इसमें जरीब चौकी के पास वाहन सवारों के चढऩे उतरने के लिए रैंप बनाया जाएगा। साथ ही झकरकटी पर बने दोनों पुल (आरओबी) से फ्लाईओवर को जोड़ा जाएगा। उसके बाद टाटमिल में पुल उठाकर सीओडी क्रासिंग पुल पर जोड़ेंगे, फिर सीधे चकेरी चौराहा के पास उतरा जाएगा। पीडब्ल्यूडी अभियंताओं ने अभी प्रस्ताव तैयार किया है। इस पर अंतिम मुहर डीपीआर कंसलटेंट लगाएगा। वहीं, 10 किमी लंबे फ्लाईओवर को बनने में एक हजार करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च आने वाला है, जबकि 98 लाख रुपये डीपीआर व कंस्ट्रक्शन कंसल्टेंट को दिया जाएगा। यह काम दोनों काम एक ही कंसल्टेंट करेगा।

संयुक्त सचिव ने मांगी सूचना

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित घोष ने पीडब्ल्यूडी एनएच से फ्लाईओवर की लंबाई, चौड़ाई और अनुमानित लागत का ब्योरा मांगा है। अभियंता का डिटेल तैयार कर रहे हैं। जल्द ही इसे मंत्रालय भेजा जाएगा।

-जीटी रोड पर फ्लाईओवर बनाने में एक हजार करोड़ रुपये अनुमानित लगाया गया है। शहरवासियों को जोडऩे के लिए जरीब चौकी, झकरकटी, चकेरी और गोल चौराहा में रैंप और झकरकटी, सीओडी पुल में फ्लाईओवर को मिला जाना प्रस्तावित है। इस पर अंतिम निर्णय डीपीआर कंसल्टेंट ही लेगा। -एसपी ओझा, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी एनएच

chat bot
आपका साथी