कानपुर के कारागार पहुंची किरन बेदी, बोलीं- स्वस्थ तन और मन के साथ बेहतर बना सकते हालात

फिक्की फ्लो और इंडिया विजन फाउंडेशन के पदाधिकारियों संग जिला कारागार का किरन बेदी ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हाेंने कहा कि कैदियों के जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने और उनके उत्थान के लिए काम किया जाना चाहिए।

By Abhishek VermaEdited By: Publish:Fri, 22 Apr 2022 11:38 AM (IST) Updated:Fri, 22 Apr 2022 11:38 AM (IST)
कानपुर के कारागार पहुंची किरन बेदी, बोलीं- स्वस्थ तन और मन के साथ बेहतर बना सकते हालात
कानपुर के जिला कारागार पहुंची किरन बेदी।

कानपुर, जागरण संवाददाता। दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल कर स्वस्थ तन और मन के साथ हालातों को बेहतर किया जा सकता है। जब हम स्वस्थ होंगे तो सोच भी सकारात्मक होगी। यह बातें गुरुवार को फिक्की फ्लो और इंडियाविजन फाउंडेशन के सदस्यों के साथ जिला कारागार का निरीक्षण करने पहुंचीं देश की पहली महिला आइपीएस किरन बेदी ने कहीं। उन्होंने कहा कि कारागार में कैदियों के जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाने और उनके उत्थान के लिए काम किया जाना चाहिए। कैदियों को अगर स्वस्थ माहौल मिलेगा तो वह भी अपने जीवन को सुधारने का प्रयास करेंगे। 

फिक्की फ्लो और इंडिया विजन फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ जेल में बंद महिला-पुरुष कैदियों संग बातचीत में किरन बेदी ने कहा कि जीवन में अगर आपने कोई गलती की है और उसे स्वीकारा है तो गुनाह काफी हद तक कम हो जाता है। इस दौरान उन्होंने बैरक, पुस्तकालय, रसोई और कंप्यूटर कक्ष आदि का निरीक्षण किया। कारागार आगमन पर डीआइजी जेल रवि शंकर छवि और जेल अधीक्षक आरके जायसवाल ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान इंडिया विजन फाउंडेशन की डायरेक्टर मोनिका धवन, फिक्की फ्लो कानपुर चैप्टर की चेयरपर्सन पूजा गुप्ता, पूर्व डा. आरती गुप्ता, अर्चना खेतान, कनिका वैद्य, स्नेहा गुप्ता, ज्योति अग्रवाल, रितु केडिया, रवि श्रीवास्तव मौजूद रहे। 

पुस्तकालय और कंप्यूटर की सुविधाएं बेहतर होंगी

किरन बेदी ने कहा कि जेल में बेहतर माहौल और कैदियों के उत्थान के लिए यहां के पुस्तकालय को और बेहतर बनाया जाए। महिलाएं और बच्चों को इसके लिए प्रोत्साहित किया जाए जिससे उनकी बौद्धिक क्षमता बढ़े और जीवन को सही दिशा मिल सके। उन्होंने कहा कि युवा कैदियों को व्यवसायोन्मुख शिक्षा और कौशल संवर्धन के लिए कंप्यूटर कोर्स कराए जाएंगे। कारागार में महिला और पुरुष योगा ट्रेनरों की व्यवस्था भी की जाएगी।

चार प्रदेशों में काम कर रहा इंडिया विजन फाउंडेश 

किरन बेदी ने बताया कि कैदियों का जीवन संवारने के लिए संस्था इंडिया विजन फाउंडेशन और फिक्की फ्लो ने एक एमओयू साइन किया है। इंडिया विजन फाउंडेशन चार प्रदेशों में काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, मऊ व फतेहगढ़ में पहले से उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। कानपुर का जिला कारागार 8वीं जेल होगी।

chat bot
आपका साथी