बांदा में किसान की हत्या से सनसनी, हाथ-पैर बांधकर शव शव यमुना में फेंका

बांदा में दो दिन से लापता किसान का शव यमुना नदी में मिलने से गांव वालों में सनसनी फैल गई। स्वजन छह माह पहले गांव में हुए विवाद में हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने घटना को लेकर पूछताछ व छानबीन शुरू कर दी है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 12:47 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 12:47 PM (IST)
बांदा में किसान की हत्या से सनसनी, हाथ-पैर बांधकर शव शव यमुना में फेंका
बांदा के गांव बुधेड़ा में दो दिन से लापता था किसान।

बांदा, जेएनएन। जसपुरा थाना अंतर्गत जसपुरा गांव में दो दिनों से लापता किसान का हाथ-पैर बंधा शव यमुना नदी में मिलने से ग्रामीण सन्न रह गए। स्वजन ने छह माह पहले दुकानदार से हुए विवाद में हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। एसपी अभिनंदन ने घटनास्थल का मुआयना करके थाना पुलिस को वारदात के जल्द खुलासे का निर्देश दिया है।

जसपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बुधेड़ा निवासी दो दिन से लापता किसान रघुबीर निषाद के 45 वर्षीय पुत्र शिवनारायण निषाद का शव रविवार सुबह ग्रामीणों को यमुना नदी किनारे पड़ा मिला। उसका आधा शरीर पानी में था, हाथ-पैर साफी से बंधे होने के साथ उसके बीच में एक डंडा फंसा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी होने पर एसपी अभिनंदन व सीओ सदर सत्यप्रकाश ने घटनास्थल देखा।

मृतक के बड़े भाई रामआसरे व पुत्र दीपक ने बताया कि शुक्रवार रात पारिवारिक चाचा की लड़की की शादी का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने गया था। वहां से रात दस बजे चला था लेकिन घर नहीं पहुंचा था। उसकी तलाश करते रहे लेकिन पता नहीं चला था। उन्होंने बताया कि छह माह पहले एक दुकानदार ने शिवनारायण पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए विवाद किया था और धमकी दी थी। पुलिस दुकानदार व उसके घर के लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। सीओ सत्यप्रकाश ने बताया कि पुत्र ने अज्ञात लोगों की भी तहरीर दी है। घटना की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। शीघ्र हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

फॉरेंसिक टीम ने लिए नमूने : पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने यमुना नदी के आसपास जांच की। वहां मिट्टी व मौरंग के नमूने लिए हैं।

chat bot
आपका साथी