फर्रुखाबाद में जन्मदिन पर डांस कराने में फंसे पालिकाध्यक्ष, पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर के ट्वीट के बाद मुकदमा दर्ज

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर नगर चौकी के उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कार्रवाई की है। नगर पालिकाध्यक्ष सुनील चक ने बताया कि दुष्प्रचार कर उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने का षड्यंत्र किया गया है।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 10:50 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 10:50 AM (IST)
फर्रुखाबाद में जन्मदिन पर डांस कराने में फंसे पालिकाध्यक्ष, पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर के ट्वीट के बाद मुकदमा दर्ज
मुकदमा दर्ज किए जाने से संबंधित प्रतीकात्मक तस्वीर।

फर्रुखाबाद, जेएनएन। कोरोना संकटकाल में नगर पालिका कार्यालय में अपने जन्मदिन पर नर्तकियों का डांस शो कराना पालिकाध्यक्ष के लिए बवाल-ए-जान बन गया है। पूर्व आइपीएस अधिकारी अभिताभ ठाकुर ने डांस और महफिल में जमा भीड़ का वीडियो ट्वीट कर मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव से कार्रवाई की मांग की थी। घटना के नौ दिन बाद अब कोतवाली पुलिस ने पालिकाध्यक्ष पर महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कायमगंज नगर पालिकाध्यक्ष सुनील चक ने 12 अप्रैल को नगर पालिका कार्यालय परिसर में अपनी बर्थ-डे पार्टी आयोजित की थी, जिसमें जनपद के एक बड़े अधिकारी व काफी स्थानीय लोगों के अलावा पालिका कर्मी व कुछ सभासद शामिल हुए थे। केक व डिनर के साथ नर्तकियों का डांस-शो भी आयोजित किया गया था। नर्तकियों के डांस की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई थी। कोरोना काल में हुए इस आयोजन को नियम विरुद्ध बताते हुए पूर्व आइपीएस अधिकारी अभिताभ ठाकुर ने वीडियो ट्वीट कर मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से कार्रवाई की मांग की थी। अब इस मामले में कायमगंज कोतवाली पुलिस ने पालिकाध्यक्ष पर महामारी नियमों की अवहेलना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर नगर चौकी के उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने कार्रवाई की है। नगर पालिकाध्यक्ष सुनील चक ने बताया कि दुष्प्रचार कर उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने का षड्यंत्र किया गया है।

chat bot
आपका साथी