सभी विद्युत शवदाह गृह को हर वक्त रखा जाए सैनिटाइज, पीपीई किट में रहे कर्मी
पीपीई किट बदलने के साथ ही मशीन के आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज किया जाए। इसके अलावा भगवतदास घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी को परेशान न किया जाए और कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
कानपुर, जेएनएन। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने भैरोघाट और भगवतदास घाट में बने विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य अभियंता (यांत्रिक) को आदेश दिए कि सभी विद्युत शवदाह गृह को बीच-बीच में सैनिटाइजर कराया जाए। इसमें काम करने वाले कर्मचारी हर वक्त पीपीई किट में रहे। साथ ही साफ सुधरा रखा जाए।
जिलाधिकारी आलोक तिवारी, नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी और एडीएम एफआर बंसत लाल शनिवार को सबसे पहले भैरोघाट पहुंचे। यहां पर रोज आने वाले शवों की जानकारी ली। इसमें संक्रमित शवों का रजिस्टर देखा। इस दौरान मुख्य अभियंता (यांत्रिक) आरके पाल को आदेश दिए कि कोरोना संक्रमित शवों का पहले अंतिम संस्कार किया जाए।
एक शव के अंतिम संस्कार होने के बाद कर्मचारियों की पीपीई किट बदलने के साथ ही मशीन के आसपास के क्षेत्र को सैनिटाइज किया जाए। इसके अलावा भगवतदास घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी को परेशान न किया जाए और कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। साथ ही घाटों के आस-पास भी सफाई रखी जाए और सैनिटाइजर कराया जाए। महापौर प्रमिला पांडेय ने शुक्रवार को अफसरों के साथ भैरोघाट और भगवतदास घाट में विद्युत शवदाह गृह का निरीक्षण किया था।सुरक्षा के कड़े इंतजाम कराने के आदेश दिए थे।