किसी के मोहताज नहीं होंगे बुजुर्ग चार्टर्ड अकाउंटेंट

75 वर्ष से अधिक आयु के सीए को आर्थिक व चिकित्सीय सहयोग करेगा आइसीएआइ - सेंट्रल इंडिया

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 06:42 AM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 06:42 AM (IST)
किसी के मोहताज नहीं होंगे बुजुर्ग चार्टर्ड अकाउंटेंट
किसी के मोहताज नहीं होंगे बुजुर्ग चार्टर्ड अकाउंटेंट

जागरण संवाददाता, कानपुर : आर्थिक रूप से कमजोर 75 वर्ष से अधिक आयु के चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को अब इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट ऑफ इंडिया (आइसीएआइ) आर्थिक और चिकित्सीय सहयोग देगा। कानपुर में सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के मुख्यालय में ऐसे चार्टर्ड अकाउंटेंट की सूची बनाई जाने लगी है। पूरे सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल में 50 हजार से ज्यादा चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।

चार्टर्ड अकाउंटेंट के बीच पिछले कई वर्षो से यह मांग उठ रही थी कि जो चार्टर्ड अकाउंटेंट आर्थिक रूप से कमजोर हों और बीमार हों, उनका सहयोग संस्थान करे। सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के उपाध्यक्ष अतुल मेहरोत्रा के मुताबिक अब तय हुआ है कि 75 वर्ष से अधिक आयु के जो भी चार्टर्ड अकाउंटेंट इलाज करा पाने में सक्षम नहीं होंगे, उनका इलाज संस्थान कराएगा। उन्हें आर्थिक सहयोग भी हर माह के हिसाब से करेगा जितनी राशि उनके लिए पर्याप्त होगी। इसके लिए संस्थान ने वी केयर नाम का पोर्टल भी बनाया है। सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल में सात राज्य उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान शामिल हैं। अभी मदद के लिए मैनुअल फार्म भरवाया जाएगा। आने वाले समय में यह फार्म ऑनलाइन रखा जाएगा। दूसरी ओर कानपुर में दो हजार से ज्यादा चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। इनमें भी यह देखा जा रहा है कि ऐसे कौन से सदस्य हैं जिनकी मदद की जा सकती है। कानपुर में 30 से 40 सदस्य इस स्थिति में हो सकते हैं। ये सेवाएं एक हेल्प डेस्क के जरिए दी जाएंगी। डेस्क हर दिन 24 घंटे काम करेगी। यह डेस्क कानूनी सलाह की जरूरत होने पर उसकी भी व्यवस्था कराएगी।

chat bot
आपका साथी