शत्रु संपत्ति पर सरकारी निर्माण, संभागीय खाद्य नियंत्रक का कार्यालय और स्टाफ क्वार्टर बनाए

कानपुर में अवैध कब्जे वाली 13 शत्रु संपत्तियों की सूची डीएम को सौंपी गई है जिसमें परमट स्थित भूमि पर संभागीय खाद्य नियंत्रक का कार्यालय और स्टाफ क्वार्टर बने हैं। संपत्तियों पर अस्पताल अपार्टमेंट मकान और माल का निर्माण हो गया है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 09:57 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 09:57 AM (IST)
शत्रु संपत्ति पर सरकारी निर्माण, संभागीय खाद्य नियंत्रक का कार्यालय और स्टाफ क्वार्टर बनाए
एसडीएम की जांच रिपोर्ट में सामने आया सच।

कानपुर, जेएनएन। 13 शत्रु संपत्तियों की जांच रिपोर्ट एसडीएम की तरफ से डीएम को सौंप दी गई है। अब यही जांच रिपोर्ट हाईकोर्ट में भी लगाई जाएगी। जांच रिपोर्ट के मुताबिक शत्रु संपत्तियों पर बड़े-बड़े अपार्टमेंट, मकान, अस्पताल, दुकान और माल का निर्माण हो गया है। परमट स्थित एक संपत्ति पर तो संभागीय खाद्य नियंत्रक का कार्यालय स्थापित है और वहां बने स्टाफ क्वार्टर में लोग रह रहे हैं। 

एसडीएम दीपक पाल द्वारा कराई गई जांच में पाया गया है कि स्वरूप नगर की संपत्ति पर अस्पताल, माल और अपार्टमेंट बना हुआ है। यहां दो संपत्तियां हैं जिनका क्षेत्रफल 12 हजार वर्गमीटर है। परमट स्थित एक शत्रु संपत्ति पर संभागीय खाद्य नियंत्रक का कार्यालय और कर्मचारियों के 10 क्वार्टर हैं, जबकि दूसरी संपत्ति पर भी यही कार्यालय है, जो वर्षों पूर्व बंद कर दिया गया था। दोनों संपत्तियों का क्षेत्रफल 25 सौ वर्गमीटर है। इसी तरह हीरामन का पुरवा स्थित संपत्ति पर हाता हफीज हलीम लिखा हुआ है। इसके बगल वाले द्वार पर बशीर स्टेट लिखा है, उसके अंदर मजार, छोटे-छोटे मकान व बहुमंजिला मकान बने हुए हैं। यहां करीब 150 परिवार रह रहे हैं। इसका अनुमानित क्षेत्रफल छह हजार वर्गमीटर है। रावतपुर स्थित शत्रु संपत्ति 16720 वर्गमीटर है। यहां भी बहुमंजिली इमारतों के साथ ही तमाम मकान बने हुए हैं।

दलेलपुरवा की एक संपत्ति पर दुकानें और अपार्टमेंट बने हैं तो दूसरी पर अपार्टमेंट का निर्माण हुआ है। दोनों का अनुमानित क्षेत्रफल 1310 वर्गमीटर है। नई सड़क में एक संपत्ति 248 वर्गमीटर है, जिस पर दो मंजिला मकान बना है। दूसरी दो सौ वर्गमीटर है और उस पर पांच मंजिला अपार्टमेंट है। बेसमेंट के साथ दुकानें भी हैं। अनवरगंज की एक संपत्ति 83 सौ वर्गमीटर है। इस पर बहुमंजिला मकान बना है। दूसरी संपत्ति पर तीन दर्जन पुराने जर्जर मकान के साथ बहुमंजिला मकान भी बना हुआ है। इसका क्षेत्रफल 1500 वर्गमीटर है। कंघी मोहाल स्थित शत्रु संपत्ति का क्षेत्रफल 109 वर्गमीटर है। इस पर खिदमत-ए-इंसानी फाउंडेशन का बोर्ड लगा है और धर्मार्थ दवाखाना चलता है। एसडीएम दीपक पाल ने बताया, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई जाएगी। फिलहाल नोटिस दी गई हैं।

chat bot
आपका साथी