Keshav Prasad Maurya ने किसान आंदोलन को बताया चुनाव आंदाेलन, उन्नाव में विपक्ष पर भी बोला हमला

Keshav Prasad Mauraya in Unnao सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2017 में प्रदेश व 2019 की केंद्र में भाजपा की डबल इंजन सरकार आपने बनाई तो वह सपना सच हो रहा है। गरीब हित में काम करना है।

By Shaswat GuptaEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 08:06 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 08:06 PM (IST)
Keshav Prasad Maurya ने किसान आंदोलन को बताया चुनाव आंदाेलन, उन्नाव में विपक्ष पर भी बोला हमला
निराला प्रेक्षागृह में लोगों को संबोधित करते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य।

उन्नाव, जेएनएन। Keshav Prasad Mauraya in Unnao भाजपा के विजय रथ को रोक नहीं पाया तो अब विपक्ष झूठ बैंक चला रहा है। वह सोच नहीं पा रहे हैं कि भाजपा को कैसे रोकें। सबका साथ सबका विकास यानी भाजपा, कुछ का साथ कुछ का विकास का मतलब विपक्ष है। ये बातें सोमवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यहां निराला प्रेक्षागृह में कहीं।   

उन्होंने कहा कि बुआ-भतीजा व भतीजा के पिताजी यानी बसपा, सपा व फिर सपा की सरकारें 15 साल में प्रदेश में जो नहीं कर पाईं, वह भाजपा ने साढ़े चार साल में कर दिखाया है। कहा कि सुशासन की सरकार के सपने डबल इंजन की सरकार साकार कर रही है। भाजपा ने परिस्थितियों को बदला। इसीलिए कमल खिला था, कमल खिला है और कमल ही खिलेगा। कहा कि हमने भेदभाव नहीं किया। प्रधानमंत्री आवास के लाभ में यह साबित हो चुका है। प्रधानमंत्री ने 2022 तक का संकल्प किया था कि कोई गरीब बिना पक्का मकान का नहीं रहेगा। 2017 में प्रदेश व 2019 की केंद्र में भाजपा की डबल इंजन सरकार आपने बनाई तो वह सपना सच हो रहा है। गरीब हित में काम करना है। 2019 में हम-आप थोड़ा चिंतित रहे, जब सपा, बसपा व राष्ट्रीय लोकदल ने गठबंधन बनाकर भाजपा को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों के दिल में हैं। परिणाम आप सब जानते हैं। सिर्फ उन्नाव को देख लें, 2014 से ज्यादा मतों से 2019 में आपने सांसद साक्षी महाराज को जिताकर भेजा। किसान सम्मान निधि सीधे किसान के खाते में जा रही है। किसान भाई जानते हैं कि मोदी सरकार बनने के बाद किसी किसान को यूरिया के लिए पीठ पर लाठी नहीं खानी पड़ी। 2014 से पहले कितनी लाठी खाई। अब बताओ किसान का नुकसान किसने किया है। कह रहे हैं किसान आंदोलन चला रहे हैं। यह किसान आंदोलन नहीं, चुनाव आंदोलन है। इससे पूर्व मंच पर रहे सांसद साक्षी महाराज ने स्वागत करते हुए कहा कि यह मेरे केशव हैं और मैं इनका साक्षी। 

बिना भेदभाव किया विकास : डिप्टी सीएम ने कहा कि 2014 में जब हमारी सरकार केंद्र में थी तो तत्कालीन प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाएं लागू नहीं कर रही थी। हमारे ऊपर उप्र का आशीर्वाद रूपी कर्ज की अदायगी ब्याज समेत करने का संकल्प था। 2017 में जब जनता का आशीर्वाद 325 विधायकों के रूप में मिला तो अब हम वह कर्ज उतार पा रहे हैं। इसमें भी डेढ़ साल कोरोना की भेंट चढ़ गया। इसके बाद भी उन्नाव समेत प्रदेश के सभी 75 जिलों में बिना भेदभाव विकास कार्य कराए गए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने जिले में 371 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास मंच से बटन दबाकर किया। वहीं, 467 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की घोषणा की।   

chat bot
आपका साथी